Breaking News

वाराणसी: हनुमान गंज बाजार में अनियंत्रित ट्रक ने मछली विक्रेता समेत ग्राहको को रौंदा, एक की मौत, पांच घायल

वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत चमरहां (हनुमानगंज) बाजार में रविवार शाम करीब चार बजे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने भीषण हादसा कर दिया। वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर आजमगढ़ की ओर जा रहे ट्रक ने सड़क किनारे मछली बेच रहे युवक और ग्राहक को रौंद दिया। इसके बाद करीब 40 फीट दूर स्थित खली-चुन्नी की दुकान में जा घुसा। हादसे में मछली विक्रेता विकास सोनकर (26) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। मृतक विकास सोनकर पुत्र राजकुमार गोपपुर का निवासी था। वहीं मछली खरीदने पहुंचे शिवम (15) निवासी गोपपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से खली-चुन्नी दुकान के संचालक सतीश जायसवाल (60), कर्मचारी सोती हरिजन (53) निवासी गोपपुर और पल्लेदार चिल्लू यादव निवासी गोसाईपुर मोहांव भी घायल हो गए। हादसे के बाद बाजार में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर चंदापुर चौकी प्रभारी अविनाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर पहुंचाया। चिकित्सकों ने गंभीर घायलों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय रेफर किया, जबकि कुछ को परिजन निजी अस्पताल ले गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने विकास का शव वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर एसडीएम सदर नितिन सिंह और एसीपी विनय कुमार द्विवेदी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। समाचार लिखे जाने तक जाम लगा हुआ था।
विकास अपने परिवार का सहारा था। उसकी एक वर्ष की बेटी है। मौत की खबर मिलते ही पत्नी मोनी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। घटना से गोपपुर गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Image 1 Image 1

Check Also

गाजीपुर: मार्निंग वॉक कर रहे सीआरपीएफ जवान की सड़क हादसे में मौत

गाजीपुर। मरदह थाना क्षेत्र के भवानीपुर कंसहरी गांव निवासी सीआरपीएफ जवान शशिकांत सिंह (36) की …