गाजीपुर। सत्यम इंटरनेशनल स्कूल जमानिया के प्रांगण में दीपावली का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, उमंग एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव का सुंदर एवं आकर्षक माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया। बच्चों ने दीप सज्जा, रंगोली निर्माण, कला एवं शिल्प तथा अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगी रंगोलियों, दीपों एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराना तथा प्रेम, सद्भाव, एकता और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देना था। साथ ही विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री सत्य प्रकाश मौर्य ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री एल. डी. जेना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि त्योहार हमारी संस्कृति और संस्कारों के प्रतीक हैं। हमें इन्हें आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव एवं सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने सभी से सुरक्षित एवं प्रदूषणमुक्त दीपावली मनाने की अपील भी की। कार्यक्रम का समापन सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली के संदेश के साथ हुआ। आइए, ज्ञान, सद्भाव और मानवता के दीप जलाकर समाज को प्रकाशमय बनाएं।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….