Breaking News

एमएमएमयूटी गोरखपुर में के पांच विशिष्ट पूर्व छात्रों को मिलेगा डिस्टिंग्विश्ड एलुमनस अवार्ड

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) गोरखपुर के पूर्व छात्र संघ (एमएमयूटीएए) की ओर से आगामी 21 एवं 22 नवंबर 2026 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित होने वाली एलुमनाई मीट-2026 में पांच पूर्व छात्र-छात्राओं को अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘डिस्टिंग्विश्ड एलुमनस अवार्ड’ (विशिष्ट पूर्व छात्र सम्मान) से सम्मानित किया जाएगा। विश्वविद्यालय की चयन समिति ने सर्वसम्मति से उद्यमिता एवं उद्योग, प्रशासन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, खेल तथा कला, साहित्य एवं संस्कृति की पांच श्रेणियों में पुरस्कार के लिए नामों का चयन किया है।

उद्यमिता एवं उद्योग : इंजीनियर पवन त्रिपाठी

सिविल इंजीनियरिंग के 1993 बैच के पूर्व छात्र इंजीनियर पवन त्रिपाठी वर्तमान में नोएडा स्थित जियोकॉन इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हैं। जियोसिंथेटिक्स एवं भू-तकनीकी इंजीनियरिंग में 33 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले त्रिपाठी ने देश-विदेश की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में योगदान दिया है। मजबूत सड़कों एवं संरचनाओं के निर्माण, भूमि सुधार, भूस्खलन से बचाव, नदी तटों की सुरक्षा तथा पहाड़ी ढलानों के संरक्षण में उन्होंने उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उद्यमिता, तकनीकी ज्ञान एवं कुशल नेतृत्व से उन्होंने उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।

प्रशासन : आइपीएस बिजय कुमार सिंह

तत्कालीन मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 1991 बैच के पूर्व छात्र बिजय कुमार सिंह वर्ष 1996 बैच के कर्नाटक कैडर के आइपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में वह बेंगलुरु में अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) हैं। लगभग तीन दशकों की पुलिस एवं प्रशासनिक सेवा में वह बिदर एवं चिक्कमगलुरु के पुलिस अधीक्षक, बेंगलुरु के डीसीपी ईस्ट, आइजीपी सदर्न रेंज तथा भारतीय खाद्य निगम में निदेशक (कार्मिक) सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ उन्होंने गौरी लंकेश हत्याकांड की विशेष जांच टीम का नेतृत्व भी किया है।

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी : डॉ. कमलेश वर्मा

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के 2001 बैच के पूर्व छात्र डॉ. कमलेश वर्मा रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) के इंस्ट्रूमेंट्स रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टैब्लिशमेंट (आइआरडीई), देहरादून में वैज्ञानिक ‘एफ’ एवं ग्रुप डायरेक्टर (सर्वो डिवीजन) हैं। आइआइटी रुड़की से पीएचडी और आइआइटी कानपुर से एमटेक की उपाधि प्राप्त डॉ. वर्मा को रक्षा अनुसंधान में 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने भारतीय सशस्त्र बलों के लिए आधुनिक रक्षा प्रणालियों, अत्याधुनिक उपकरणों, लक्ष्य की सटीक पहचान की तकनीक तथा हथियार नियंत्रण प्रणालियों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। प्रतिष्ठित शोध पत्रिकाओं में उनके 24 से अधिक शोधपत्र प्रकाशित हैं।

खेल : सेजल गुप्ता

मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 2026 बैच की सेजल गुप्ता आदित्य बिड़ला समूह की हिंदाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी हैं। वर्ष 2024 में पावरलिफ्टिंग की शुरुआत करने वाली सेजल ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण और गोवा में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। मई 2025 में कोल्हापुर तथा जनवरी 2026 में फरीदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में 63 किलोग्राम जूनियर बेंच प्रेस वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किए। वर्ष 2026 में इस्तांबुल (तुर्की) में आयोजित एशियन बेंच प्रेस चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने 63 किलोग्राम सीनियर क्लासिक वर्ग में 92.5 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक जीता।

कला, साहित्य एवं संस्कृति : प्रदीप कुमार मिश्रा

मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 2009 बैच के पूर्व छात्र प्रदीप कुमार मिश्रा न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (एनपीसीआइएल), मुंबई में साइंटिफिक ऑफिसर ‘एफ’ एवं डिप्टी चीफ इंजीनियर हैं। तकनीकी दायित्वों के साथ हिंदी साहित्य एवं कविता में पहचान बनाने वाले मिश्रा की साहित्यिक यात्रा कॉलेज के संपादकीय मंडल से शुरू हुई। उन्होंने ‘अरुणोदय’ कार्यक्रम की परिकल्पना की थी। हिंदी गीत एवं गजल के लोकप्रिय रचनाकार मिश्रा की कविताओं का प्रसारण दूरदर्शन, डीडी भारती और डीडी उर्दू पर हो चुका है। वह अखिल भारतीय कवि सम्मेलनों एवं मुंबई लिट फेस्ट में प्रस्तुतियां दे चुके हैं। एनपीसीआइएल गीत के गीतकार मिश्रा को वर्ष 2022 एवं 2023 में विश्व हिंदी अकादमी साहित्य सेवा सम्मान तथा हिंदी सेवा सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। विश्वविद्यालय का मानना है कि इन पूर्व छात्रों की सफलता उनकी मेहनत, लगन, प्रतिभा और समर्पण का परिणाम है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने वाले इन पूर्व छात्र-छात्राओं की उपलब्धियां वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। आगामी 21 एवं 22 नवंबर को आयोजित दो दिवसीय एलुमनाई मीट के दौरान इन पांचों विशिष्ट पूर्व छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इस सम्मान के माध्यम से विश्वविद्यालय अपने गौरवशाली पूर्व छात्रों की उपलब्धियों को सम्मानित करने के साथ-साथ वर्तमान विद्यार्थियों को जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना चाहता है।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: बिहार बारात जा रही अनियंत्रित कार पलटी, सेवराई तहसील के भतौरा गांव के तीन बारातियों की मौत

गाजीपुर। बक्‍सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के समीप चौसा-मोहनिया हाईवे पर …