Breaking News

बलिया: सड़क हादसे में तीन की मौत, तीन घायल

बलिया। जिले में बुधवार की रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सहतवार और बेल्थरारोड क्षेत्र में हुए हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सहतवार क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो दोस्तों नीरज राजभर (25) और बादल राजभर (24) की जान चली गई। वहीं, उभांव थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में हेमंत टिल्लू (19) युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। सिकंदरपुर क्षेत्र में भी बाइक असंतुलित होने से एक युवक घायल हो गया। बेल्थरारोड के हेमंत टिल्लू की मौत से एक परिवार ने एक साल के भीतर अपने दोनों बेटों को खो दिया, जबकि सहतवार के हादसे में परिवार में दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सहतवार-हल्दी मार्ग पर परसा गांव के सामने हनुमान मंदिर के पास बुधवार देर रात तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में हरपुर निवासी नीरज राजभर (25) और बादल राजभर (24) की मौत हो गई। दोनों दोस्त थे और सहतवार से अपने गांव लौट रहे थे। ग्रामीणों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां नीरज को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल बादल को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।हरपुर गांव निवासी नीरज राजभर खेती करता था, जबकि बादल गुजरात में निजी नौकरी करता था और छठ पूजा पर गांव आया था। दोनों शादीशुदा थे। बादल की दो बेटियां हैं। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने परिजनों को सांत्वना देने के साथ आर्थिक सहायता भी प्रदान की। थानाध्यक्ष ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने बताया कि बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई थी। दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

Image 1

Check Also

गाजीपुर: पीपीटी राउंड प्रतियोगिता में आंचल पाण्‍डेय प्रथम

गाजीपुर! युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग गाजीपुर के तत्वावधान में विकसित भारत यंग …