गाजीपुर। नगर स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आई.टी.आई.) कॉलेज के प्रांगण में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप), सैदपुर नगर इकाई के कार्यकर्ताओं द्वारा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ अभाविप के कार्यकर्ताओं एवं कॉलेज के शिक्षकों द्वारा वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने रानी लक्ष्मीबाई के गौरवशाली जीवन, उनके अदम्य साहस और देश की स्वतंत्रता के लिए दिए गए उनके सर्वोच्च बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के शिक्षक विजय कुमार ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि “रानी लक्ष्मीबाई केवल एक ऐतिहासिक वीरांगना नहीं, बल्कि नारी शक्ति, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति की जीवंत प्रतीक हैं। उनके जीवन से हम सभी को यह सीख लेनी चाहिए कि विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य और सिद्धांतों से पीछे नहीं हटना चाहिए। आज के युवाओं को उनकी प्रेरणा से आगे आकर समाज के उत्थान और राष्ट्र निर्माण के कार्यों में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।”अभाविप के नगर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद सदैव राष्ट्रवाद और समाज सेवा के पथ पर चलने के लिए युवाओं को प्रेरित करती है। रानी लक्ष्मीबाई का संघर्ष आज भी प्रत्येक छात्र और युवा के भीतर देशप्रेम की ज्वाला प्रज्वलित करता है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….