Breaking News

आईएमएस-बीएचयू के निदेशक प्रो. सत्य नारायण शंखवार एसजीपीजीआई लखनऊ के एकेडमिक बोर्ड में नामित

वाराणसी। चिकित्सा जगत और उच्च शिक्षा के क्षेत्र से एक बड़ी और गौरवशाली खबर सामने आई है। उत्तर प्रदेश शासन के चिकित्सा शिक्षा अनुभाग-2 द्वारा जारी कार्यालय-ज्ञाप के अनुसार, काशी हिंदू विश्वविद्यालय  के अंतर्गत इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के निदेशक एवं देश के जाने-माने यूरोलॉजिस्ट प्रो. सत्य नारायण शंखवार को संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ अधिनियम, 1983 की धारा-20(1)(iv) के अंतर्गत एसजीपीजीआई के महत्वपूर्ण एकेडमिक बोर्ड में सदस्य के रूप में नामित किया गया है। प्रो. सत्य नारायण शंखवार देश के शीर्ष यूरोलॉजिस्ट्स (मूत्र रोग विशेषज्ञों) में गिने जाते हैं। उनकी प्रशासनिक दक्षता और चिकित्सा के क्षेत्र में अद्वितीय योगदान का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित संस्थान किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी में लगातार 14 वर्षों तक चिकित्सा अधीक्षक  का कार्यभार सफलतापूर्वक संभाल चुके हैं। उनके कार्यकाल के दौरान चिकित्सीय सेवाओं और व्यवस्थाओं में अभूतपूर्व सुधार देखे गए थे। प्रो. शंखवार जैसे दूरदर्शी और अनुभवी चिकित्सा विशेषज्ञ को एसजीपीजीआई के एकेडमिक बोर्ड में शामिल किए जाने से राज्य में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और सुपर-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ व उन्नत दिशा मिलने की पूरी उम्मीद है। तथा बीएचयू और एसजीपीजीआई जैसे देश के दो प्रमुख संस्थानों के बीच अकादमिक और चिकित्सीय सहयोग का नया दौर शुरू होगा। इस प्रतिष्ठित मनोनयन पर चिकित्सा जगत, शिक्षाविदों में हर्ष की लहर है।

Image 1

Check Also

गाजीपुर को शीघ्र मिलेगा 2600 मै.टन डीएपी का रैक- जिला कृषि अधिकारी

गाजीपुर! जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त कृषकों को अवगत कराया है कि जनपद …