लखनऊ। कुलाधिपति एवं राज्यपाल, उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन तथा कुलपति प्रो जे पी सैनी के नेतृत्व में शुक्रवार को मदन मोहन मालवीय प्राद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर में पढ़े विश्वविद्यालय, बढ़े विश्वविद्यालय’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र मामले प्रो वी के गिरि, अधिष्ठाता विस्तार गतिविधियां प्रो पी के सिंह, छात्र क्रिया कलाप परिषद् के अध्यक्ष प्रो बी के पांडेय, एवं सह अधिष्ठाता विस्तार गतिविधियां डॉ अवधेश कुमार द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने पूर्वान्ह 11 बजे से 12 बजे तक विश्वविद्यालय के 56 व्याख्यान कक्षों, केंद्रीय पुस्तकालय, सहित सभी सेमिनार कक्षों में साथ बैठ कर सामूहिक रूप से पुस्तकों का अध्ययन किया। इसके साथ ही समस्त विभागों के शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा भी अपने अपने विभागों में सामूहिक रूप से पुस्तकों का अध्ययन किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए पांच गांवों में स्थित विद्यालयों में भी बच्चों द्वारा इस कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सामूहिक रूप से पुस्तक का अध्ययन किया गया। इस प्रकार, विश्वविद्यालय के कुल 3256 छात्रों, 140 शिक्षकों, 195 कर्मचारियों सहित गांवों के 328 बच्चों द्वारा ‘पढ़े विश्वविद्यालय, बढ़े विश्वविद्यालय’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर सामूहिक रूप से पुस्तक अध्ययन किया गया। दोपहर 12:15 बजे शिक्षकों, विद्यार्थियों, और कर्मचारियों द्वारा ‘दहेज मुक्त भारत के लिए प्रतिज्ञा’ और ‘नशा मुक्त भारत के लिए प्रतिज्ञा’ ली गई। केंद्रीय पुस्तकालय में पुस्तकालय प्रभारी प्रो एस के श्रीवास्तव, एवं पुस्तकालयाध्यक्ष डी एम पांडेय द्वारा शपथ दिलाई गई। साथ ही विश्वविद्यालय के नवीन प्रशासनिक भवन ‘अटल भवन’ के समक्ष प्रो वी के गिरि द्वारा एन सी सी कैडेट्स को भी उक्त दोनों शपथ दिलाई गई। विश्वविद्यालय के तक्षशिला व्याख्यान कक्ष परिसर के समक्ष छात्रों के शपथ ग्रहण का आयोजन डॉ अवधेश कुमार द्वारा किया गया। विश्वविद्यालय के विद्युत अभियंत्रण विभाग के 90 विद्यार्थियों ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन मोतीराम अड्डा केंद्र पर अपने औद्योगिक भ्रमण के दौरान शपथ ली। कार्यक्रम के आयोजन में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ प्रदीप मुले और उनकी इकाई के स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
