Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में “Alum Speaks” का हुआ आयोजन

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ द्वारा दिनांक 25 जून, 2025 को “Alum Speaks” श्रृंखला के द्वितीय सत्र का आयोजन ऑनलाइन माध्यम से किया गया। यह वेबिनार Microsoft Teams प्लेटफॉर्म पर सायं 5:00 बजे प्रारंभ हुआ और विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के छात्रों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।इस श्रृंखला का उद्देश्य विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों के अनुभवों को वर्तमान छात्रों से साझा करना है, जिससे वे उद्योग की वास्तविक आवश्यकताओं, करियर निर्माण के व्यावहारिक पहलुओं और व्यक्तिगत विकास की दिशा में मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें।इस सत्र का विषय था – “Beyond the Hype: Essential Tech Skills vs. Buzzword Chasing”, जिसमें यह चर्चा की गई कि कैसे तकनीकी विद्यार्थियों को केवल लोकप्रिय या आकर्षक शब्दों (जैसे कि बिग डेटा, ब्लॉकचेन, एआई) के पीछे भागने की बजाय मूलभूत और दीर्घकालिक तकनीकी कौशल विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रोफेसर वी.के. द्विवेदी द्वारा अतिथि स्वागत के साथ हुआ, जिन्होंने श्री श्रेष्ठ सहाय जी के योगदान और उपलब्धियों की सराहना करते हुए छात्रों को उनके अनुभवों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री श्रेष्ठ सहाय, विश्वविद्यालय के गौरवशाली पूर्व छात्र हैं, जिन्होंने कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। वर्तमान में वे एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय तकनीकी कंपनी में सीनियर टेक्नोलॉजी कंसल्टेंट के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने व्यावसायिक अनुभवों के आधार पर छात्रों को बताया कि किस प्रकार गहराई से सीखी गई बुनियादी तकनीकी समझ – जैसे कि प्रोग्रामिंग, डेटा संरचना, सॉल्यूशन डिज़ाइन, और समस्या सुलझाने की क्षमता – एक लंबे समय तक उपयोगी और मूल्यवान सिद्ध होती है।कार्यक्रम की सराहना करते हुए माननीय कुलपति प्रो. जे.पी. सैनी जी  ने कहा कि, “आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल ट्रेंडिंग शब्दों की जानकारी होना पर्याप्त नहीं है। तकनीक को समझने, उसे आत्मसात करने और व्यवहार में लाने की क्षमता ही किसी भी छात्र को उत्कृष्ट बनाती है। विश्वविद्यालय छात्रों को इसी दिशा में प्रोत्साहित करता रहेगा।”इस आयोजन में विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों – B.Tech., M.Tech., MCA, BBA, और B.Pharm – के 2026, 2027 एवं 2028 बैचों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सभी विद्यार्थियों के लिए उपस्थिति अनिवार्य थी, जिससे बड़ी संख्या में जुड़ाव सुनिश्चित हुआ।समन्वयक सुकन्या पाण्डेय ने बताया के सत्र के अंत में प्रश्नोत्तर का दौर भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों ने वक्ता से विभिन्न तकनीकी विषयों पर गहन प्रश्न पूछे। श्री श्रेष्ठ सहाय ने बड़ी सरलता और स्पष्टता के साथ सभी प्रश्नों के उत्तर दिए, जिससे छात्रों को दिशा प्राप्त हुई। ट्रेनिंग टीम के सदस्य रजत सिंह और सिद्धि ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बताया कि यह सत्र न केवल छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उन्हें तकनीकी करियर की सही राह चुनने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन भी प्रदान करने वाला रहा। प्रोफेसर द्विवेदी ने बताया कि प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ इस श्रृंखला के माध्यम से आगे भी छात्रों को उद्योग से जोड़ने और उन्हें प्रेरित करने हेतु ऐसे आयोजन करता रहेगा।

Image 1 Image 2

Check Also

सत्‍यदेव लॉ कालेज में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस

गाजीपुर। सत्यदेव लॉ कॉलेज के सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम …