Breaking News

चंदौली: पारिवारिक कलह से उबकर युवक ने लाइसेंसी रायफल से गोली मारकर की आत्‍महत्‍या

चंदौली। जिले की कोतवाली क्षेत्र के पचखरी गांव में सोमवार की सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई। पूर्व जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधान रह चुके रमेश यादव के पुत्र संदीप यादव (34) ने अपने ही घर के बरामदे में पिता की लाइसेंसी रायफल से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है। गोली की आवाज सुनकर परिजन दौड़े लेकिन तब तक संदीप की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। कोतवाली प्रभारी अतुल प्रजापति व क्षेत्राधिकारी रघुराज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मौके से रायफल और एक खोखा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार संदीप यादव पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह से जूझ रहा था। परिजनों ने बताया कि उसकी पत्नी पिछले कुछ वर्षों से अपने पांच वर्षीय पुत्र के साथ वाराणसी में किराये के मकान में रह रही थी। संदीप अपने पिता द्वारा संचालित निजी विद्यालय के संचालन से जुड़ा था और घर पर ही अधिकांश समय बिताता था। संदीप यादव के पिता रमेश यादव जनपद के प्रतिष्ठित राजनीतिक और सामाजिक व्यक्ति माने जाते हैं। वह ग्राम पंचायत जोगवा दुबौलिया के पूर्व प्रधान और पूर्व जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने अपने गांव में एक विद्यालय की स्थापना कर शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया है। उनके दोनों पुत्र प्रदीप और संदीप इसी विद्यालय से जुड़े थे। इधर, घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत सदस्य और समाजसेवी परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजन पूरी तरह से सदमे में हैं। कोतवाली प्रभारी अतुल प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। लाइसेंसी रायफल को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: धामूपुर धरवा–सौरम मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीण परेशान, टूटी पुलिया से दुर्घटना का खतरा

गाज़ीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के करंडा ब्लॉक अंतर्गत धामूपुर धरवा से सौरम जाने वाली सड़क …