लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के सर्वोच्च शासी निकाय प्रबंध बोर्ड की 56वीं बैठक 30 जुलाई 2025 को अटल भवन बोर्ड रूम में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता माननीय कुलपति प्रो जे पी सैनी ने की। कुलसचिव श्री सी पी प्रियदर्शी ने बैठक की कार्यसूची प्रस्तुत की। बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय निम्नवत हैं:-
- विश्वविद्यालय अधिनियम की धारा 29 तथा परिनियमावली के अध्याय 6 बिंदु 5 में प्राविधानित व्यवस्था के अनुसार परीक्षा नियंत्रक द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव पर विश्वविद्यालय के दशम दीक्षांत समारोह के अवसर पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वर्तमान अध्यक्ष डॉ वी नारायणन को डॉक्टर ऑफ साइंस (D. Sc.) की मानद उपाधि प्रदान किये जाने का निर्णय लिया गया। डॉ. वी नारायणन को मानद उपाधि दिए जाने की अनुमति माननीय कुलाधिपति महोदया से भी प्राप्त हो चुकी है। विश्वविद्यालय की मानद उपाधि से विभूषित किए जाने वाले वे चौथे व्यक्ति होंगे। इसके पूर्व विश्वविद्यालय श्री ई श्रीधरन, श्री एन आर नारायणमूर्ति, और डॉ. एस नंबी नारायणन को डॉक्टर ऑफ साइंस (D. Sc.) की मानद उपाधि से विभूषित कर चुका है।
- सभी परास्नातक पाठ्यक्रमों यथा एम टेक, एम बी ए, एम सी ए, एम एस सी आदि में सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता विद्यार्थी को इस वर्ष से कुलाधिपति स्वर्ण पदक प्रदान किए जाने संबंधी परीक्षा नियंत्रक के प्रस्ताव को प्रबंध बोर्ड ने अनुमति प्रदान कर दी। अभी तक केवल एक कुलाधिपति स्वर्ण पदक स्नातक पाठ्यक्रम के सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता विद्यार्थी को प्रदान किया जाता था। इस वर्ष से दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक हो जाएंगे, एक स्नातक के सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता के लिए और दूसरा परास्नातक के सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता विद्यार्थी के लिए।
- इस वर्ष से तीन वर्षीय स्नातक उपाधि प्राप्तकर्ताओं को भी कुलाधिपति स्वर्ण पदक के लिए योग्य माने जाने की अनुमति प्रबंध बोर्ड ने दे दी। अभी तक स्नातक स्तर पर केवल चार वर्षीय पाठ्यक्रम उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को कुलाधिपति स्वर्ण पदक दिया जाता था। जिसके कारण बी बी ए के छात्र उससे वंचित रहते थे। अब तीन वर्षीय पाठ्यक्रम के छात्र भी सर्वोच्च अंक प्राप्त करने की दशा में स्नातक स्तर पर कुलाधिपति स्वर्ण पदक के पात्र होंगे।
- संविदा के आधार पर एसोसिएट प्रोफेसर एवं असिस्टेंट प्रोफेसर के सृजित पदों पर आरक्षण लागू किए जाने हेतु विश्वविद्यालय द्वारा गठित रोस्टर समिति की अनुशंसाओं एवं रोस्टर के आधार पर वर्गवार पदों के वितरण को अनुमति प्रदान की गई।
- विधि अधिकारी के रूप में अनुबंध के आधार पर श्री क्षितिज उपाध्याय, अधिवक्ता, दीवानी कचहरी की नियुक्ति और कार्यग्रहण की सूचना से अवगत होकर पुष्टि की गईं।
- पूर्णकालिक परीक्षा नियंत्रक के रूप में प्रो देवेंद्र कुमार भट्ट, आचार्य, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय, झांसी की नियुक्ति और कार्यग्रहण की सूचना से अवगत होकर पुष्टि की गईं।
- विश्वविद्यालय में अवैधानिक रूप से प्रवेशित 40 छात्रों के प्रकरण में आरोपित लिपिक श्री रवि मोहन श्रीवास्तव के विरुद्ध विश्वविद्यालय द्वारा अनुशासनिक कार्यवाही हेतु जांच अधिकारी की नियुक्ति तथा वर्तमान में प्रचलित अनुशासनिक कार्यवाही से प्रबंध बोर्ड अवगत हुई। साथ ही प्रकरण में प्राप्त विधिक परामर्श के अनुसार एक अन्य आरोपी सेवा प्रदाता कर्मचारी श्री अवनीश मणि त्रिपाठी के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत करते हुए विधिक कार्यवाही किए जाने का निर्णय लिया गया।
- इसके अतिरिक्त पूर्व में हुई विद्या परिषद् और वित्त समिति की संपन्न बैठकों में लिए गए निर्णयों से प्रबंध बोर्ड अवगत हुआ। साथ ही पूर्व में प्रबंध बोर्ड द्वारा लिए गए निर्णयों के संबंध में विश्वविद्यालय स्तर से कृत कार्यवाही से बोर्ड को अवगत कराया गया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….