गाजीपुर। अध्यात्म जगत में तीर्थ स्थल के रूप में स्थापित पूर्वांचल प्रसिद्ध सिद्धपीठ हथियाराम मठ के 26वें पीठाधिपति व जूना अखाड़ा के वरिष्ठ महामंडलेश्वर स्वामी श्री भवानीनन्दन यति जी महाराज का प्राकट्योत्सव (आविर्भाव दिवस) भाद्रपद के शुक्ल पक्ष की राधाष्टमी नक्षत्र पर 31 अगस्त रविवार को मनाया जाएगा। इसमें देश के कोने-कोने से शिष्य श्रद्धालु और संत-महात्मा पहुंचेंगे। इस अवसर पर वैदिक ब्राह्मण जहां धार्मिक अनुष्ठान करेंगे, वहीं शिष्य-श्रद्धालु गुरू पूजन कर उनका आशीर्वाद ग्रहण करेंगे। संत-महात्मा के प्रवचन के उपरांत आयोजित वृहद भंडारा से हजारों लोग पुण्य-लाभ की कामना के साथ महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। विदित रहे कि सिद्धपीठ हथियाराम मठ के पीठाधिपति महामंडलेश्वर स्वामी भवानीनंदन यति इन दिनों अपना चतुर्मास महानुष्ठान सम्पादित कर रहे हैं। इसमें स्वजनपद ही नहीं गैर जनपदों व देश के कोने-कोने से आये शिष्य श्रद्धालु सहभागिता कर रहे हैं। चातुर्मास के दरम्यान पड़ने वाली भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी (राधाष्टमी) पर महामंडलेश्वर का आविर्भाव दिवस मनाया जाता है। इस मौके पर संत-महात्मा, कन्या पीजी कालेज की छात्राओं व श्रद्धालुओं की तरफ से गुरु महाराज का अर्चन-वंदन व यथासामर्थ्य उपहार आदि भेंट करते हुए उनके दीर्घायु की कामना की जायेगी। पीठाधीश्वर के आविर्भाव दिवस कार्यक्रम के आरम्भ में वैदिक ब्राहमण गुरु पूजन, स्वस्तिवाचन व मंगलाचरण करेंगे। तदोपरांत स्वामी भवानीनंदन यति द्वारा ब्रह्मलीन गुरु महाराज स्वामी बालकृष्ण यति के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलन किया जाएगा। पूजन-प्रवचन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें पुण्य-लाभ की कामना के साथ हजारों लोग महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….