वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के सन्दहां स्थित रिंगरोड चौराहे के डिवाइडर से टकराकर लिक्विड सीमेंट लदा टैंकर पलट कर दुर्घटना ग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। मध्यप्रदेश के रीवा नावासी रामकुमार यादव 25 वर्ष पुत्र रामकुमार यादव व भोलानाथ यादव 36 वर्ष पुत्र मोतीलाल यादव प्रिज्म सीमेंट कम्पनी का टैंकर चलाता था। सोमवार की रात रीवा से कम्पनी के टैंकर एमपी 17 एच एच 7199 में ओपीसी 43 लिक्विड सीमेंट भरकर जौनपुर के केराकत के लिए निकला था। मंगलवार को 4 बजे भोर में वह सन्दहां के रिंगरोड चौराहे के पश्चिमी छोर पर पहुंचा कि वहां पुल के एक लेन पर बड़े वाहनों को जाने से रोकने के लिए लगाये गये गति अवरोधक डिवाइडर से भिड़ कर बुरी तरह से दुर्घटना ग्रस्त हो कर पलट गया। देखते ही देखते आसपास के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। किसी ने पुलिस और एम्बुलेंस को फोन किया थोड़ी ही देर में चिरईगांव चौकी प्रभारी विकास मौर्या पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए उन्होंने घायलों को एम्बुलेंस में लादकर पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मर्चरी में रखवा दिया। घटना पर चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा भी पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के आधार कार्ड से उसके नाम-पते की जानकारी और मोबाइल फोन से उसके सम्बन्धियो को सूचना दी। वहीं थोड़ी देर बाद प्रिज्म सीमेंट कम्पनी की दूसरी गाड़ी लेकर विवेक मिश्रा नामक चालक पहुंचा और उसने दुर्घटना की जानकारी कम्पनी को दी। चौकी प्रभारी चिरईगांव विकास मौर्या ने बताया कि मृतकों के शव को मर्चरी में संरक्षित करा दिया गया है। मृतको के परिजनों के आने पर तहरीर लेकर अग्रिम कार्रवाई की जायेगी। रिंगरोड चौराहे के पुल पर बड़े वाहनों का प्रवेश वर्जित है इसलिए एन एच आई ने डिवाइडर लगा कर सड़क का अधिकांश भाग बन्द कर दिया है। लेकिन वहां कोई भी संकेतक नहीं लगाया जिसके चलते अक्सर दुर्घटनाएं होती है। आलम यह है कि टैंकर दुर्घटना के बाद पुलिस और पब्लिक ने कई बार एन एच आई के आपातकालीन सहायता के टोल फ्री नम्बर 1033 पर फोन किया लेकिन घण्टों बाद भी सहायता दल मौके पर नहीं पहुंचा।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….