Breaking News

गाजीपुर: बाइक सवार युवक को बदमाशो ने मारी गोली

गाजीपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर ओडराई गांव में गुरुवार शाम एक युवक को बदमाशों ने गोली मार दी। जानकारी के अनुसार, शंकरपुर निवासी विश्वजीत यादव (पुत्र लाहौर यादव) ओडराई से अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली बाइक की टंकी में लगी, जबकि दूसरी गोली विश्वजीत के दाहिने पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि विश्वजीत अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पीड़ित का गांव के ही एक पड़ोसी से लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विश्वजीत की बुआ ने थाने पहुंचकर आरोप लगाया कि गांव के दीना यादव और हरकेश यादव के पुत्र विशाल यादव व अजीत यादव ने इस घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही दुल्लहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना अध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Image 1 Image 2

Check Also

टेरी पीजी कालेज गाजीपुर में बीसीए, बीबीए, एमसीए, एमबीए, ओ-लेवल में प्रवेश के लिए नामांकन फार्म जारी

गाजीपुर। विश्वविद्यालय एवं शासन के निर्देशानुसार समर्थ पोर्टल के तहत तकनीकी शिक्षा एवं शोध संस्थान …