गाज़ीपुर। राज्य परियोजना कार्यालय, समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश एवं दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के संयुक्त तत्वावधान में क्लस्टर सोशल ऑडिटर (सीएसए) टीम का एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम जनपद गाज़ीपुर के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सदर में सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश भारत का दसवाँ राज्य है, जहाँ इस सोशल ऑडिट कार्यक्रम की शुरुआत की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर को 16 जिलों का दायित्व सौंपा गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. उपासना रानी वर्मा के मार्गदर्शन में तथा डीसी सामुदायिक सहभागिता अमित राय की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि सत्येंद्र शुक्ला एवं शशिकांत तिवारी ने बताया कि सोशल ऑडिट के अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों और कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों का मूल्यांकन किया जाएगा। साथ ही इन विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं, उनके अभिभावकों तथा शिक्षकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर शैक्षिक गुणवत्ता का आकलन किया जाएगा। मूल्यांकन में पाई जाने वाली कमियों एवं उपलब्धियों के आधार पर सरकार द्वारा प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर अजितेश कुमार राय ने प्रतिभागियों को सोशल ऑडिट की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा डेमो के माध्यम से इसकी बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. अनुराग द्विवेदी, नोडल अधिकारी एवं समाजशास्त्र विभाग, दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, गोरखपुर के बहुमूल्य मार्गदर्शन और निर्देश भी प्रतिभागियों को प्राप्त हुए। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 35 क्लस्टर सोशल ऑडिटर (सीएसए) उपस्थित रहे।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….