लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा रहीं। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में बरगद, पीपल, पाकड़, महुआ सहित विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधे रोपे गये। इस अवसर पर माननीय कुलपति प्रो. शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। देशी प्रजातियों के वृक्ष जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से पौधरोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम में कुलसचिव चंद्र प्रकाश प्रियदर्शी, प्रो. वी. के. गिरी, प्रो. डी. के. द्विवेदी, प्रो. ए. के. मिश्र, प्रो. डी. एस. सिंह, डॉ. प्रदत्त भारती, मनोज बलोनी एवं ध्रुप चंद सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने अधिकाधिक वृक्ष लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल कर परिसर को और अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने का संकल्प लिया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….