Breaking News

गाजीपुर: बीएसएफ में 24 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हेड कांस्टेबल अनिल कुमार यादव का भव्य स्वागत

गाजीपुर। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (बीएसएफ) में 24 वर्ष तक देश की सेवा करने के बाद हेड कांस्टेबल पद से सेवानिवृत्त होकर अपने गृह क्षेत्र लौटे अनिल कुमार यादव का मंगलवार को क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और भारत माता के जयघोष के बीच उनका स्वागत क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना रहा। सेवानिवृत्ति के उपरांत अनिल कुमार यादव अमर शहीद शेषनाथ यादव पार्क, धामुपुर से खुली जीप में अपने शुभचिंतकों, सेना के साथियों और समर्थकों के साथ नंदगंज बाजार होते हुए अपने पैतृक निवास दवोपुर बगही पहुंचे। इस दौरान पूरे मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया। स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा और गणमान्य लोग मौजूद रहे। अनिल कुमार यादव ने हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और सभी शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त किया। स्वागत यात्रा के दौरान दर्जनों चारपहिया और दोपहिया वाहन तिरंगा झंडे से सुसज्जित होकर उनके काफिले के साथ चल रहे थे। पूरे रास्ते में ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। ग्रामीणों ने कहा कि अनिल कुमार यादव ने बीएसएफ में 24 वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ सेवा देकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी देश सेवा युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। लोगों ने कहा कि ऐसे सैनिकों का सम्मान समाज का दायित्व है, जिन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। दवोपुर बगही स्थित पैतृक निवास पहुंचने पर परिजनों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और क्षेत्रवासियों ने सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान के स्वस्थ, सुखद एवं सम्मानपूर्ण जीवन की कामना की।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग योजना की जारी हुई गाइडलाइन, करें आवेदन

गाजीपुर। उप कृषि निदेशक ने सूचित किया है कि संयुक्त कृषि निदेशक (बा०ओ०) उ०प्र०, कृषि …