चंदौली। जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर गांव में मंगलवार को जमीनी विवाद में गोली मारकर दरोगा यादव की हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप सेवानिवृत फौजी पर लगा है। दरोगा यादव सैयदराजा थाने का हिस्ट्रीशीटर था। इसके अलावा रमेश यादव (38), अंशु यादव (19) गोली लगने से घायल हो गए हैं। घायलों को पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल सीओ समेत भारी पुलिस मौके पर तैनात है।दोनों पक्ष आपस में पट्टीदार हैं। जमीन की विवाद को लेकर आरोपी मुकेश यादव (30) के घर पंचायत चल रही थी। तभी बातचीत के दौरान कहासुनी और हाथपाई शुरू हो गई। इस दौरान आरोपी मुकेश घर से पिस्टल निकाल कर लाया और फायरिंग शुरू दी। जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। फायरिंग में दरोगा यादव (38), रमेश यादव (38), अंशु यादव (19) गोली लगने से लहूलुहान हो गए। वहीं आरोपी मौके से फरार हो गया। सभी घायलों को परिवार व ग्रामीणों की मदद से पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने दरोगा यादव को मृत घोषित कर दिया। इस बाबत चिकित्साधिकारी डॉ. ममता ने बताया कि तीन लोगों को घायलावस्था में लाया गया था। जिसमें दो को सीने और पेट में गोली लगी थी। जबकि एक युवक को हाथ में गोली लगी थी।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….