गाजीपुर। रक्षाबंधन के एक दिन पूर्व शिक्षा क्षेत्र सादात के कम्पोजिट विद्यालय जगदीशपुर और कम्पोजिट विद्यालय बरहपार नसरतपुर में भाई-बहन के अटूट प्रेम का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। स्कूल की छात्राओं ने अपने सहपाठी भाईयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी मंगलकामना की। विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्साह का माहौल था। छात्राएं स्वनिर्मित रंग-बिरंगी राखियां, मिठाई और तिलक लगाने के लिए चंदन लेकर तैयार थीं। कार्यक्रम के दौरान छात्राएं कतार में बैठकर अपने सहपाठी भाईयों के माथे पर चंदन और अक्षत का तिलक लगाने के बाद उनकी कलाइयों पर राखी बांधी। राखी बांधने के बाद छात्राओं ने छात्रों को मिठाई खिलाई। छात्रों ने भी अपनी बहनों की रक्षा का संकल्प दोहराते हुए उन्हें आकर्षक उपहार भेंट किए। उपहार पाकर छात्राएं खुशी से झूम उठीं। कार्यक्रम में शिक्षक सोनू खरवार, जैनब रहमान और पूजा मिश्रा ने भी भाग लिया। उन्होंने बच्चों को रक्षाबंधन पर्व की बधाई दी और इस त्योहार की महत्ता पर विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यालय में रक्षाबंधन का त्योहार हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….