लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के छात्र-छात्राओं द्वारा आज खोराबार स्थित कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय, रायगंज में एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में कुलसचिव ने प्रकोष्ठ के छात्रों का उत्साहवर्धन किया। यह आयोजन संयोजक (अंगीकृत ग्राम कार्य) डॉ. सत्य प्रकाश मौर्य के नेतृत्व और राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के सचिव शिव कांत धाकरे के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। इसमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रदीप कुमार सिंह विशेष आमंत्रित अतिथि रहे और प्रधानाचार्या आरती देवी ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की। शैक्षणिक भ्रमण के दौरान प्रकोष्ठ के छात्रों ने मॉडल और व्यावहारिक प्रदर्शन (फन लर्निंग) द्वारा गणित के सिद्धांतों को रोचक बनाया, जिससे स्कूली बच्चों में मासिक उत्साह दिखा। डॉ. सत्य प्रकाश मौर्य के अनुसार, इस पहल का ध्येय ग्रामीण बच्चों में तार्किक सोच विकसित कर शिक्षा के प्रति उनकी रुचि बढ़ाना है। शैक्षणिक सत्र के साथ ही, वार्षिक वस्त्र दान अभियान ‘परार्थ-26’ के तहत प्रकोष्ठ के छात्रों ने प्राथमिक विद्यालय, राम लखना-2 क्षेत्र में प्रकोष्ठ की संयुक्त सचिव श्रीजल गुप्ता की उपस्थिति में जरूरतमंद परिवारों को 100 पैकेट कपड़े वितरित किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री राम अचल यादव एवं स्थानीय निवासियों ने कड़ाके की ठंड में राहत पहुँचाने वाली इस मानवीय पहल और प्रकोष्ठ के छात्र-छात्राओं की सामाजिक प्रतिबद्धता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….