गाज़ीपुर। क्षेत्र के नंदगंज स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की शाखा इन दिनों गंभीर अव्यवस्था का शिकार नजर आ रही है। बैंक में खाताधारकों को अपना ही पैसा निकालने के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, पिछले कई दिनों से शाखा में नकद भुगतान या तो पूरी तरह बंद है या फिर बेहद सीमित मात्रा में किया जा रहा है। वहीं बैंक मित्रों (BC) के माध्यम से भी आधार आधारित भुगतान सीमित कर दिया गया है। बैंक मित्रों का कहना है कि उन्हें शाखा से पर्याप्त नकदी नहीं मिल रही है, जिसके कारण वे ग्राहकों को पूरा भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। वर्तमान समय में बच्चों के स्कूलों में प्रवेश और अन्य आवश्यक खर्चों का दबाव होने के कारण लोगों की परेशानियां और बढ़ गई हैं। ग्राहकों का कहना है कि वे घंटों लाइन में लगने के बावजूद खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। जब इस संबंध में शाखा से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, तो शाखा प्रबंधक मौजूद नहीं मिले। वहीं एक कर्मचारी ने केवल इतना कहा कि “कुछ इस समय दिक्कत चल रही है”, लेकिन समस्या के समाधान को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। पीड़ित खाताधारकों का कहना है, “हम अपना ही पैसा मांग रहे हैं, फिर भी हमें दर-दर भटकना पड़ रहा है।” अब देखना यह है कि बैंक के उच्च अधिकारी इस गंभीर समस्या का संज्ञान कब तक लेते हैं और क्षेत्र के खाताधारकों को कब तक राहत मिल पाती है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….