वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र में सौरभ विहार कालोनी अवलेशपुर निवासी जितेंद्र कुमार पटेल (45 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम मामले की जांच में जुट गई। जानकारी के मुताबिक जितेंद्र कुमार पटेल की अवलेशपुर लकी स्टोर्स दुकान है। जहां से रोज की तरह सोमवार की रात में दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी बीच घर से 500 मीटर दूर पहुंचे थे कि पहले से घात लगाए बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से गोली मार दी। बदमाशों ने मुंह बांध रखा था। गोली लगने के बावजूद जितेंद्र बाइक चलाते हुए घर पहुंचे और माता सुदामा देवी को बताया कि बाइक सवार दो लोगों ने गोली मार दी है। गोली पीठ में लगी थी और खून बह रहा था। आनन-फानन उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से रेफर करने पर परिजन ट्रॉमा सेंटर ले गए। इलाज के दौरान मंगलवार की सुबह जितेंद्र की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी रीनू देवी, माता सुदामा सहित सभी का रो- रोकर बुरा हाल है। जितेंद्र को दो बेटे अतुल उर्फ लकी और आयुष हैं। जितेंद्र तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। मां सुदामा देवी ने बताया कि परिवार के मोहन पटेल की जमीन मुरेरा डीह पांडेयपुर बबुरी चंदौली में तीन बीघा था, जमीन पर एक यादव परिवार खेती करता था। यादव ने खेत नपवाने के नाम पर घर आकर दस्तखत करवाकर जमीन अपने नाम करवा लिया। इसे लेकर मुकदमा भी चल रहा है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….