गाजीपुर। नंदगंज बाजार स्थित शादियाबाद मोड़ के समीप सड़क की बदहाल स्थिति आम नागरिकों के लिए गंभीर समस्या बन गई है। सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन राहगीर और वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग और प्रशासन समस्या के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम उठाता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख एवं व्यस्त संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के चलते वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विशेषकर रात के समय तथा बरसात के मौसम में दुर्घटनाओं की आशंका कई गुना बढ़ जाती है। क्षेत्रवासियों के अनुसार सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया। परिणामस्वरूप आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं और किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जनहित को देखते हुए तत्काल सड़क की मरम्मत कराने और गड्ढों को भरवाने की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….