Breaking News

वाराणसी: करोड़ों रुपये की चोरी करने वाला शातिर चोर पुलिस मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार

वाराणसी। कमिश्नरेट के शिवपुर थाना क्षेत्र के ऊंदी ताल के पास शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। शिवपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश के पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। वहीं मौके से भाग रहे साथी को भी दौड़ाकर दबोच लिया गया। घायल बदमाश की पहचान विशाल के रूप में हुई है, जो पिछले दिनों जीएसटी अधिकारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी का मुख्य आरोपी है। शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे शिवपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ऊंदी ताल के पास संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस टीम ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस बल पर फायरिंग झोंक दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर अपराधी विशाल के पैर में गोली लग गई, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। वहीं, मौके का फायदा उठाकर भाग रहे उसके साथी रोहित को शिवपुर पुलिस ने घेराबंदी कर दौड़ाकर पकड़ लिया। घायल विशाल को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले से ही अलग-अलग थानों में 12 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। उधर, पूछताछ में सामने आया कि पिछले दिनों शिवपुर थाना क्षेत्र में एक जीएसटी अधिकारी के आवास पर करोड़ों रुपये की बड़ी चोरी की घटना हुई थी। विशाल ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस काफी समय से इसकी तलाश में जुटी हुई थी। पकड़े गए बदमाशों के पास से एक तमंचा, दो खोखा, एक जिंदा कारतूस, और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है, जिससे चोरी के माल की बरामदगी और उनके अन्य साथियों का पता लगाया जा सके।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: पीएम मोदी के कार्यकाल 12 वर्ष होने पर भाजपा जिलाध्‍यक्ष ने जहूराबाद में किया जनसंवाद

गाजीपुर। प्रधानमंत्री के रूप में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 …