Breaking News

गाजीपुर: अक्षय नवमी पर राष्ट्रीय सनातन संघ का मंडलीय सहभोज, सनातन संस्कृति के संरक्षण का लिया संकल्प

गाजीपुर। राष्ट्रीय सनातन संघ के तत्वावधान में बुधवार को वाराणसी मंडल इकाई की ओर से मंडल स्तरीय सहभोज कार्यक्रम का भव्य आयोजन मार्कण्डेय महादेव धाम, कैथी, वाराणसी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय सनातन संघ के पदाधिकारियों द्वारा बाबा श्री मार्कण्डेय महादेव का विधि-विधान पूर्वक दर्शन-पूजन एवं जलाभिषेक कर किया गया। इस दौरान सभी ने संगठन, समाज और राष्ट्र की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की। इसके पश्चात कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि अर्थात अक्षय नवमी के पावन अवसर पर आंवला वृक्ष का विधि-विधान से पूजन किया गया। पूजन के उपरांत सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आंवला वृक्ष के नीचे एक साथ बैठकर सनातनी सहभोज किया। इस आयोजन के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और संगठनात्मक एकता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के आयोजक उत्तर प्रदेश प्रदेश प्रभारी विजय शंकर चौबे रहे, जबकि कार्यक्रम के निवेदक एवं वाराणसी मंडल अध्यक्ष विजय प्रकाश श्रीवास्तव रहे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष नागेश्वर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष हौसला प्रसाद त्रिपाठी, संगठन के सहयोगी गजेंद्र सिंह, वाराणसी जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश चतुर्वेदी, महानगर अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह, चंदौली जिलाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह, गाजीपुर जिलाध्यक्ष विकास राय तथा जौनपुर जिलाध्यक्ष अवधेश त्रिपाठी सहित वाराणसी मंडल के सभी जिलों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में वक्ताओं ने अक्षय नवमी के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन परंपरा में आंवला वृक्ष का विशेष महत्व है। मान्यता है कि अक्षय नवमी के दिन आंवला वृक्ष का पूजन करने और उसकी छाया में भोजन करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन में सुख-समृद्धि आती है। अंत में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सनातन संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण, संगठन को मजबूत बनाने, आपसी एकता बनाए रखने तथा समाज में समरसता और भाईचारे की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

Image 1

Check Also

गाजीपुर को शीघ्र मिलेगा 2600 मै.टन डीएपी का रैक- जिला कृषि अधिकारी

गाजीपुर! जिला कृषि अधिकारी ने जनपद के समस्त कृषकों को अवगत कराया है कि जनपद …