गाजीपुर। मानवता और चिकित्सा सेवा की एक सराहनीय मिसाल माँ कवलपति हॉस्पिटल में देखने को मिली। 17 नवंबर की आधी रात को एक अत्यंत गरीब गर्भवती महिला गंभीर प्रसव पीड़ा की हालत में हॉस्पिटल पहुंची। जांच के दौरान पता चला कि महिला लगभग सात माह की गर्भवती थी और उसके गर्भ में जुड़वां बच्चे (Twins Pregnancy) थे। स्थिति बेहद नाजुक थी और प्रसव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी। मामले की गंभीरता को समझते हुए हॉस्पिटल की संचालिका एवं वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बीती सिंह ने बिना एक पल गंवाए तत्काल उपचार की जिम्मेदारी संभाली और सफलतापूर्वक सामान्य प्रसव कराया। इस दौरान दो जुड़वां नवजात शिशुओं का जन्म हुआ। दोनों शिशुओं का जन्म समय से पहले होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार एवं विशेष चिकित्सकीय देखभाल के लिए तत्काल जिला महिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं प्रसूता महिला की स्थिति अब पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है। 18 नवंबर की सुबह आवश्यक दवाइयां एवं चिकित्सकीय परामर्श देने के बाद उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक और सराहनीय पहलू यह रहा कि आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवार की स्थिति को देखते हुए डॉ. बीती सिंह ने प्रसव के लिए कोई शुल्क नहीं लिया। बच्ची के जन्म पर पैसे न लेने की अपनी मानवीय परंपरा को निभाते हुए उन्होंने परिवार से एक भी रुपया नहीं लिया। डॉ. बीती सिंह का कहना है कि चिकित्सा केवल पेशा या व्यवसाय नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। किसी जरूरतमंद परिवार के चेहरे पर मुस्कान लाना और किसी माँ को सुरक्षित प्रसव की सुविधा देना ही उनके लिए सबसे बड़ा संतोष है। माँ कवलपति हॉस्पिटल हमेशा से सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देता आया है। हॉस्पिटल का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी जरूरतमंद माँ को इलाज और सुरक्षित प्रसव की सुविधा से वंचित न रहना पड़े। माँ कवलपति हॉस्पिटल का संकल्प — सेवा ही धर्म है, मानवता ही सबसे बड़ा कर्तव्य है।

Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….