Breaking News

शिक्षकों को अपने आचरण के प्रति होना चाहिए सजग- कुलपति जेपी सैनी

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर में नवनियुक्त शिक्षकों के लिए आयोजित इक्कीस दिवसीय अभिप्रेरण कार्यक्रम का आज समापन हो गया। बताते चलें कि इस अभिप्रेरण कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के कर कमलों से दिनांक 07 अप्रैल 2025 को हुआ था। अभिप्रेरण कार्यकम के शुभारंभ सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा उसी मौके पर किया गया था। अभिप्रेरण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कुलपति प्रो जय प्रकाश सैनी ने कहा कि शिक्षकों को अपने आचरण के प्रति बहुत सजग होना चाहिए क्योंकि विद्यार्थियों के मन मस्तिष्क पर उसका बहुत प्रभाव पड़ता है। एक शिक्षक के रूप में हम अच्छा विश्वविद्यालय और समाज तब ही बना पाएंगे जब हमारा खुद का आचरण अच्छा हो। कक्षा में बैठे हुए बहुत से विद्यार्थी आपके आचरण से अच्छा बुरा ग्रहण कर सकते हैं। नवनियुक्त शिक्षकों से उन्होंने कहा कि एक विश्वविद्यालय शिक्षक की मुख्यतः तीन भूमिकाएं होती हैं अध्यापन, अनुसंधान, एवं प्रशासन। यदि आप चाहते हैं कि विश्वविद्यालय में आपकी अच्छी पहचान बने तो आपको अच्छा अध्यापक बनना होगा। आप अच्छा पढ़ाएंगे तो विद्यार्थी आपको विश्वविद्यालय में पहचानेंगे। अगर आप विश्वविद्यालय के बाहर अच्छी पहचान बनाना चाहते हैं तो अनुसंधान में उत्कृष्ट होना पड़ेगा। आप अच्छा शोध करेंगे तो आपके विषयक्षेत्र के अन्य संस्थानों के शिक्षक भी आपको जानने लगेंगे। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों को सलाह दी कि देश के शीर्षस्थ संस्थानों के साथ संयुक्त रूप से शोध निर्देशन, प्रकाशन, और पेटेंट की दिशा में काम करें। इससे आपका कैरियर भी अच्छा होगा और विश्वविद्यालय की रैंकिंग पर अच्छा असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि सभी नवनियुक्त शिक्षकों के लिए ए आई सी टी ई द्वारा निर्धारित आठ मॉड्यूल का प्रशिक्षण कार्यकम विश्वविद्यालय  स्तर पर भी आयोजित किया जाए। उन्होंने नवनियुक्त शिक्षकों को यह भी सलाह दी कि वे 17 सस्टेनेबल डेवलेपमेंट गोल्स को अपने शोध और प्रकाशनों का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम के आरम्भ में मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए अधिष्ठाता संकाय मामले प्रो यू सी जायसवाल ने कहा कि माननीय कुलपति महोदय की प्रेरणा और मार्गदर्शन से यह कार्यक्रम आयोजित हो रहा है। यह कार्यक्रम इस मायने में अभूतपूर्व है कि इस तरह का कार्यक्रम विश्वविद्यालय में पहले कभी आयोजित नहीं हुआ था और ऐतिहासिक भी है क्योंकि इस कार्यक्रम से एक नई परंपरा की शुरुआत हो रही है। कार्यक्रम के दौरान सभी विभागों के नवनियुक्त शिक्षक प्रतिभागियों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र और सभी वक्ताओं को माननीय कुलपति जी ने प्रमाण पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के अंत में सह अधिष्ठाता संकाय मामले डॉ ए के बर्नवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया। संचालन डॉ अभिजित मिश्र ने किया।

Image 1 Image 2

Check Also

शाहीन परवीन ने गाजीपुर का नाम किया रोशन, राज्‍यपाल ने दिया गोल्‍ड मेडल

गाजीपुर। भाजपा के सदर पश्चिमी मंडल मीडिया प्रभारी परवेज खान की भतीजी शाहीन परवीन (खुशी) …