Breaking News

सोनभद्र: ट्रैक्टर से टकराए बाइक सवार दो युवक, एक की मौत-एक घायल

सोनभद्र। जिले के बभनी-बीजपुर मार्ग पर गुरुवार की देर रात असनहर गांव के पास बाइक सवार दो युवक ट्रैक्टर से टकरा गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चपकी गांव से निमंत्रण में शामिल होकर लौट रहे उमेश कुमार (21), पुत्र नरेश कुमार, एवं मनोज कुमार (27), पुत्र अम्बेलाल, निवासी दरनखांड, बाइक से बभनी की ओर जा रहे थे। रास्ते में असनहर गांव के पास उनकी बाइक एक ट्रैक्टर से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर मौके पर ग्रामीण पहुंचे और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल ने ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने उमेश कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि मनोज कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि मनोज अपने साथी उमेश के साथ चपकी गांव में अपने मामा के घर निमंत्रण में शामिल होने गया था और लौटते समय यह हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अस्पताल से मिली सूचना के आधार पर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Image 1 Image 2

Check Also

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर के कुलपति रूद्राक्ष व कनकचंपा का किया पौधरोपण

लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस दिनांक 05 जून के उपलक्ष्य में आज मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी …