Breaking News

आजमगढ़: प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी की धारदार हथियार से हत्या, दो गिरफ्तार

आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बरवा गांव में बुधवार रात करीब 10 बजे प्रेमिका से मिलने आए युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतक के चाचा की तहरीर पर लड़की की मां और दो भाइयों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, एक फरार चल रहा है। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी अमित राजभर (22) का बरवा गांव की एक युवती से पिछले चार-पांच वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवक के परिजन दोनों की शादी के लिए तैयार थे, लेकिन युवती के घरवाले रिश्ते के लिए राजी नहीं थे। बीती रात अमित अपनी प्रेमिका से मिलने बरवा गांव पहुंचा। इस दौरान लड़की के परिजनों को इसकी जानकारी हो गई और उन्होंने उसे पकड़कर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर एसपी सिटी मधुबन सिंह, सीओ लालगंज और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। इस मामले में मृतक के चाचा अरुण राजभर की तहरीर पर पुलिस ने प्रेमिका की मां सुदामी, भाई मनीष और अवनीश के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया है। पुलिस सुदामी और अवनीश को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है, जबकि मनीष की तलाश की जा रही है। वहीं, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारी निगरानी कर रहे हैं। आजमगढ़ के एसपी सिटी मधुबन सिंह ने बताया कि मृतक के चाचा की तहरीर पर लड़की की मां, दो भाईयों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मां और एक भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: धामूपुर धरवा–सौरम मार्ग की बदहाल स्थिति से ग्रामीण परेशान, टूटी पुलिया से दुर्घटना का खतरा

गाज़ीपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के करंडा ब्लॉक अंतर्गत धामूपुर धरवा से सौरम जाने वाली सड़क …