सोनभद्र। चोपन-भरहरी मार्ग पर बृहस्पतिवार को सेमिया गांव के पास बेकाबू ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की भाभी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें चोपन सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर दूसरे युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिंगरौली जिले के गढ़वा थाना क्षेत्र निवासी सोनू (28), अपनी भाभी पुष्पा का उपचार कराने चोपन आया था। उनके साथ गांव का ही बब्बू भी था। तीनों एक बाइक पर सवार थे। दवा लेने के बाद तीनों घर लौट रहे थे। सेमिया घोरिया गांव के पास सामने से आ रही बेकाबू ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार तीनों घायल हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें चोपन सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सोनू को मृत घोषित कर दिया। वहीं बब्बू को गंभीर हाल में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुष्पा की हालत सामान्य है। मौके पर पहुंची चोपन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….