Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर सहित प्रदेश के दो तकनीकी विश्वविद्यालयों ने किया एजुकेशनल समझौता

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर सहित प्रदेश के दो अन्य तकनीकी विश्वविद्यालयों क्रमशः डॉ ए पी जे अब्दुल कलम टेक्निकल यूनिवर्सिटी,लखनऊ तथा हरकोर्ट बटलर टेक्निकल यूनिवर्सिटी, कानपुर ने आज कुलाधिपति/ राज्यपाल, उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल जी की उपस्थिति में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय, गांधीनगर के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर गांधीनगर स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय परिसर में हुए। इस मौके पर कुलाधिपति / राज्यपाल, उत्तर प्रदेश आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का भ्रमण भी किया। एम एम एम यू टी की तरफ से इस समझौते पर कुलपति प्रो जे पी सैनी जी ने हस्ताक्षर किए जबकि राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय की तरफ से कुलपति ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान माननीय कुलाधिपति महोदया सहित ए के टी यू लखनऊ के कुलपति प्रो जे पी पांडेय, एवं एच बी टी यू कानपुर के कुलपति प्रो शमशेर भी उपस्थित रहे।इस समझौते के अंतर्गत एम एम एम यू टी और राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय मिलकर शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों को बढ़ावा देंगें। दोनों पक्ष शैक्षणिक और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की संबद्धता, मान्यता और संयुक्त प्रमाणन की दिशा में काम करेंगे। इसमें पाठ्यक्रम विकास, शोधार्थियों के लिए शोध सुविधाएं और अल्पकालिक व दीर्घकालिक प्रमाणन कार्यक्रम शामिल हैं। पारस्परिक सहमति से, दोनों पक्ष एक-दूसरे की आवश्यकता और अपनी विशेषज्ञता की दिशा शैक्षणिक और अनुसंधान कार्यक्रम ऑफर करेंगे। दोनों पक्ष प्रशिक्षण केंद्रों को सुदृढ़ करने, ऑनलाइन व ऑफलाइन गतिविधियों जैसे व्याख्यान, कार्यशालाएं और सेमिनार आयोजित करने, और प्रौद्योगिकी, अनुप्रयुक्त व शैक्षणिक अनुसंधान में संयुक्त परियोजनाओं पर सहयोग करेंगे।  दोनों संस्थान एक दूसरे के छात्रों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों के लिए इंटर्नशिप, फील्डवर्क और अनुभवात्मक शिक्षण की सुविधा प्रदान करने पर सहमत हुए हैं। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय और एमएमएमयूटी अनुसंधान, नवाचार और उद्यमशील स्टार्टअप्स के माध्यम से सहयोग करेंगे। इस समझौते के अंतर्गत जिन प्रमुख क्षेत्रों को चिन्हित कर अनुसंधान, नवाचार, और प्रशिक्षण पर सहमति।बनी है वे हैं – आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स,  एवं अन्य उभरती हुई भविष्योन्मुखी तकनीकें। यह समझौता हस्ताक्षर की तिथि से 1 वर्ष के लिए प्रभावी होगा और इसे दोनो पक्षों की सहमति से बढ़ाया भी जा सकेगा। दोनों पक्ष इस समझौते के क्रियान्वयन के लिए अपने अपने संस्थान से एक एक नोडल अधिकारी नामित करेंगे जो इस समझौते की गतिविधियों के क्रियान्वयन के लिए उत्तरदायी होंगे। इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश एवं गुजरात के शैक्षणिक संस्थानों के बीच तकनीकी नवाचार, सुरक्षा अध्ययन एवं व्यावसायिक कौशल के क्षेत्र में एक समन्वित ढांचा तैयार करना है, जिससे राष्ट्रीय सुरक्षा और तकनीकी आत्मनिर्भरता को बल मिले।  इस अवसर पर माननीय राज्यपाल व विश्वविद्यालय के कुलपतियों व अन्य द्वारा राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया गया।

Image 1 Image 2

Check Also

शाहीन परवीन ने गाजीपुर का नाम किया रोशन, राज्‍यपाल ने दिया गोल्‍ड मेडल

गाजीपुर। भाजपा के सदर पश्चिमी मंडल मीडिया प्रभारी परवेज खान की भतीजी शाहीन परवीन (खुशी) …