आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र के रचनपट्टी बालाजी गांव में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब खेत में बने ट्यूबवेल पर एक मजदूर का खून से लथपथ शव मिला। मृतक की पहचान विनय प्रजापति (निवासी हरिपारा, थाना दोहरीघाट, जनपद मऊ) के रूप में हुई है, जो वर्षों से मोती चंद पटेल के घर मजदूरी करता था। रविवार की रात वह रोज की तरह खाना खाकर ट्यूबवेल पर सोने चला गया था। सोमवार की सुबह ग्रामीणों ने उसका शव देखा, उसका सिर बुरी तरह कुचला हुआ था और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। सूचना मिलते ही रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। थोड़ी ही देर में सीओ सगड़ी और एसपी ग्रामीण चिराग जैन भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। चिराग जैन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, क्षेत्राधिकारी और हमारी टीम ने घटनास्थल की जांच की। सर्विलांस व फॉरेंसिक टीम साक्ष्य संकलन कर रही है। मजदूर की ईंट से प्रहार कर हत्या की गई है। दो लोगों पर हत्या की आशंका है, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….