Breaking News

सोनभद्र में अलग-अलग घटनाओं में सर्पदंश से दो छात्राओं सहित तीन की मौत

सोनभद्र। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे में सर्पदंश की तीन घटनाएं सामने आईं। इसमें युवती और दो छात्राओं की मौत हो गई। चोपन थाना में चारपाई पर सो रही युवती को सांप ने डस लिया। कोन थाना क्षेत्र में घर के बाहर खेल रही सात वर्षीय छात्रा और कुड़वा गांव निवासी 18 साल की छात्रा की सर्पदंश से मौत हो गई। चोपन थाना क्षेत्र के गुरमा चौकी अंतर्गत मारकुंडी आदिवासी बस्ती चकरिया निवासी महेश बैगा की पुत्री सविता (19) बुधवार रात अपने घर में चारपाई पर सो रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। परिजनों ने पहले झाड़-फूंक कराया, लेकिन हालत बिगड़ती देख सविता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चांचीकला के टोला नरहटी में कमलेश कुमार चौधरी की पुत्री प्रिया कुमारी (7) बुधवार की शाम घर के सामने खेल रही थी। इसी दाैरान सांप ने उसे डस लिया। परिजनों ने बताया कि पहले उन्होंने घरेलू इलाज किया और बच्ची सो गई। लेकिन गुरुवार की सुबह प्रिया नहीं जगी। उसकी मौत हो गई।कोन पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी दुद्धी भेज दिया। बताया गया कि प्रिया प्राथमिक विद्यालय तेनुईयादामर में कक्षा एक की छात्रा थी। कोन थाना क्षेत्र के कुड़वा गांव निवासी 11वीं की छात्रा काजल यादव (18) बृहस्पतिवार की सुबह घर से कालेज जाने की तैयारी में जुटी थी। उसी समय पैर में सांप ने डस लिया। परिजन अस्पताल ले जाने लगे। कोन-विंढमगंज के बीच खराब सड़क की वजह से एक घंटे देर से सीएचसी पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने काजल को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने मेमो के जरिये कोतवाली पुलिस को सूचित किया है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में मारपीट, दर्जनों घायल

गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बकराबाद गांव में दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर …