गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के मुड़रभा गांव में सोमवार को पोखरे में डूबने से 16 वर्षीय दो जुड़वा भाइयों हिमांशु यादव (16) और प्रियांशु यादव (16) की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि मुड़रभा गांव निवासी बच्चे लाल यादव के जुड़वा पुत्र हिमांशु यादव (16) और प्रियांशु यादव (16), दोनों कक्षा 10 के छात्र थे। सोमवार को दोनों गांव के एक पोखरे में नहाने गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उनकी तलाश शुरू की गई। खोजबीन के दौरान पोखरे के किनारे दोनों भाइयों के कपड़े मिले, जिससे अनहोनी की आशंका गहरा गई। सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पोखरे में तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों किशोरों के शव पोखरे से बाहर निकाले गए। एक साथ जुड़वा भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। गांव के लोगों ने बताया कि दोनों भाई स्वभाव से मिलनसार और पढ़ाई में अच्छे थे। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।हिमांशु और प्रियांशु जुड़वा भाई थे और कक्षा 10 में पढ़ाई कर रहे थे। एक साथ दोनों बेटों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में हर किसी की आंखें नम हैं और लोग शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….