Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर का आइडिया लैब में हुआ चयन, 1 करोड़ 10 लाख की लागत से बनेगा प्रयोगशाला

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय गोरखपुर का चयन अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद, नई दिल्ली की प्रतिष्ठित योजना आइडिया लैब के अंतर्गत हुआ है। आइडिया लैब परियोजना में चयन होने पर एम एम एम यू टी में उद्यमिता और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए रु. 1 करोड़ 10 लाख की लागत से एक  प्रयोगशाला की स्थापना की जाएगी। परियोजना के अंतर्गत, इस प्रयोगशाला की स्थापना के लिए ए आई सी टी ई द्वारा एम एम एम यू टी को रु. 55 लाख रुपए का अनुदान दिया जाएगा जबकि विश्वविद्यालय को अपनी तरफ से शेष रु. 55 लाख खर्च करने होंगे। इस योजना के अंतर्गत स्थापित आइडिया लैब का मूल उद्देश्य उद्यमिता और नवाचार को प्रोत्साहित करना है। इस हेतु आइडिया लैब में विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों को अत्याधुनिक उपकरण और संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे वे किसी विचार को तकनीक या उत्पाद में रूपांतरित कर सकें और उसका आरंभिक प्रारूप (प्रोटोटाइप/ डिजाइन) तैयार कर सकें। आइडिया लैब की स्थापना होने के बाद, छात्रों को अपने आइडिया पर काम करने के लिए इधर उधर भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि एक ही जगह पर उन्हें सभी संसाधन उपलब्ध होंगे जिससे वे अपने विचार को तकनीक के प्रोटोटाइप में बदल सकें। रचनात्मकता, समस्या समाधान, और उद्यमिता कौशल जैसे गुणों के विकास के साथ ही आइडिया लैब विद्यार्थियों और अन्वेषकों को एंजल इन्वेस्टर्स से जुड़ने और उनके आइडिया को व्यावसायिक रूप देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा। इतना ही नहीं, इस लैब में बाहरी स्टार्टअप और इनोवेटर्स को भी एम एम एम यू टी से जुड़ने और इस सुविधा का उपयोग कर अपने आइडिया को प्रोटोटाइप में बदलने का अवसर मिलेगा, जिसका लाभ ऐसी प्रतिभाओं को भी होगा जिनके पास कोई संसाधन नहीं हैं। आईडिया लैब रचनात्मकता और समस्या-समाधान के लिए एक उत्प्रेरक के रूप में काम करेगी। यह छात्रों को न केवल तकनीकी ज्ञान में सुधार करने का अवसर देगा, बल्कि उन्हें टीम वर्क और सहयोग के महत्व को भी समझने में मदद करेगा। स्थानीय स्टार्टअप्स और नवाचार को प्रोत्साहित करके यह लैब समुदाय में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। इस लैब का समन्वयन इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग के विभागाध्यक्ष प्रो एस के सोनी द्वारा किया जाएगा जबकि सह समन्वयक डॉ सुधांशु वर्मा होंगे। ए आई सी टी ई की आइडिया लैब योजना के अंतर्गत वर्तमान में पूरे देश में 112 संस्थानों में यह लैब स्थापित है जिनमें से उत्तर प्रदेश के मात्र 8 संस्थानों में यह लैब स्थापित है। इन 8 संस्थानों में से 7 संस्थान निजी क्षेत्र के हैं जबकि एकमात्र ए के टी यू, लखनऊ ही सरकारी संस्थान है। इस लिहाज से एम एम एम यू टी प्रदेश का दूसरा राज्य विश्वविद्यालय होगा जिसके पास अपनी आइडिया लैब होगी।

Image 1 Image 2

Check Also

शाहीन परवीन ने गाजीपुर का नाम किया रोशन, राज्‍यपाल ने दिया गोल्‍ड मेडल

गाजीपुर। भाजपा के सदर पश्चिमी मंडल मीडिया प्रभारी परवेज खान की भतीजी शाहीन परवीन (खुशी) …