लखनऊ। राजधानी में पत्नी के दूसरी शादी करने से नाराज पति ने साथी के साथ मिलकर रविवार की देर गड़ासे से गला काटकर उसके प्रेमी की हत्या कर दी गई। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। घटना रहीमाबाद थाना क्षेत्र के मवई कला गांव की है। गांव निवासी संजय (40) की हत्या हुई है। मां रामदुलारी ने बताया कि बेटा संजय डाला चलाता था। उसकी शादी बरौरा हुसैन बाड़ी, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ निवासी रानी से हुई थी। शादी के बाद उसके संबंध पड़ोसी महिला मीरा से हो गए थे। इस कारण उसने तीन साल पहले अपनी पत्नी रानी को छोड़कर मीरा से शादी कर ली। इससे मीरा का पहला पति सुनील निवासी मड़ियांव, संजय से रंजिश मानने लगा। उसने कई बार जान से मारने की धमकी भी दी थी। रविवार आधी रात करीब 12 बजे दो अज्ञात लोगों ने संजय का दरवाजा खटखटाया। अंदर से मां रामदुलारी बोली तो उन्होंने कहा हम संजय के दोस्त हैं। इस पर उन्होंने दरवाजा खोल दिया। अंदर आते ही आरोपियों ने रामदुलारी का गला दबाकर जमीन पर पटक दिया। उसकी चीख पुकार सुनकर संजय दौड़ा। इसी समय आरोपियों ने घर में रखा चारा काटने वाला गड़ासा उठाकर संजय पर हमला कर दिया। कई वार किए तो वह लहूलुहान होकर चीखता हुआ घर के बाहर भागा। आरोपियों ने संजय को घर के सामने से निकली नहर में गिरा दिया। गड़ासे से कई वार करके उसकी हत्या कर दी। घर में दादी के साथ दो पोते अजीत (9) और अनुराग (6) भी रहते हैं। चीख पुकार सुनकर पोते भी उठकर दौड़े। शोर सुनकर ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर इंस्पेक्टर आनंद कुमार द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही अफसरों को घटना की जानकारी दी। देर रात ही पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….