Breaking News

सोनभद्र: राखी बांधने जा रही बाइक सवार महिला को ट्रेलर ने रौंदा, दो की मौत, तीन घायल

वाराणसी-शक्तिनगर हाईवे पर शनिवार को चोपन बस स्टैंड के पास बाइक सवार महिला और उसके नौ माह के बेटे को बेकाबू ट्रेलर ने रौंद दिया। महिला अपने पति, बहन और दो बच्चों के साथ राखी बांधने मायके जा रही थी। हादसे में अन्य तीनों को भी चोट आई है। उन्हें चोपन सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। डाला निवासी राजन (35) अपनी पत्नी कविता (30), पुत्र भोदुआ (9 माह), सोनू (03) और साली काजल (12) को लेकर बाइक से ससुराल रेडिया गांव जा रहा था। सभी एक ही बाइक पर सवार थे। कविता अपने छोटे बेटे को गोद में लेकर बाइक पर पीछे बैठी थी। चोपन में मुख्य बाजार पार कर अग्रवाल मार्केट के पास पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रेलर ने बाइक में टक्कर मार दी। कविता बच्चे समेत सड़क पर गिर गई। उन्हें रौंदते हुए ट्रेलर चालक तेज गति में वाहन लेकर फरार हो गया। पहिए के नीचे आने से मां-बेटे का शरीर कई टुकड़ों में बंट गया। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक चला रहा राजन, काजल और सोनू को भी गंभीर रूप से चोटिल हुए। आनन-फानन आसपास के लोगों की मदद से उन्हें चोपन सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीएचसी के चिकित्सक डॉ. अभय सिंह ने बताया कि राजन की हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, चोपन एसओ विजय चौरसिया ने मौके पर पहुंचकर सड़क से मां-बेटे के शव को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया। एसओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से फरार वाहन की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में मारपीट, दर्जनों घायल

गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के बकराबाद गांव में दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर …