Breaking News

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर में 21 व 22 नवंबर को होगा एलुमनाई मीट

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), गोरखपुर की एलुमनाई एसोसिएशन की बैठक कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पूर्व छात्रों की सहभागिता को और अधिक सशक्त बनाने तथा विश्वविद्यालय के विकास एवं प्रगति में उनकी भूमिका को प्रभावी बनाने के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया गया।बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि विश्वविद्यालय का अगला एलुमनाई मीट 21 एवं 22 नवंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। प्रस्तावित आयोजन में देश-विदेश में कार्यरत विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों के सहभागिता करने की अपेक्षा है। यह आयोजन पूर्व छात्रों को आपसी संवाद, सहयोग एवं अपनी मातृ संस्था के साथ सार्थक जुड़ाव का अवसर प्रदान करेगा।बैठक में एमएमएमयूटी एलुमनाई एसोसिएशन का पंजीकरण मालवीय एलुमनाई एसोसिएशन, गोरखपुर लोकल चैप्टर से पृथक एक स्वतंत्र संस्था के रूप में कराने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही एसोसिएशन के प्रस्तावित उपविधियों (बायलॉज) पर भी विचार किया गया, जिससे इसके सुशासन एवं भावी गतिविधियों के संचालन हेतु एक सुदृढ़ संस्थागत ढांचा विकसित किया जा सके।इस अवसर पर कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने विश्वविद्यालय के मिशन एवं विकास लक्ष्यों की प्राप्ति में पूर्व छात्रों की महत्वपूर्ण एवं परिवर्तनकारी भूमिका पर बल दिया। उन्होंने पूर्व छात्रों से विश्वविद्यालय की आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पूर्व छात्रों के सहयोग को परियोजना-आधारित स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इसके अंतर्गत विश्वविद्यालय अपनी प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास परियोजनाओं की पहचान एवं रूपरेखा तैयार करेगा तथा पूर्व छात्रों को विशिष्ट परियोजनाओं में योगदान हेतु आमंत्रित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य पूर्व छात्रों की सहभागिता को अधिक केंद्रित, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाना है।बैठक में एलुमनाई एसोसिएशन एवं विश्वविद्यालय के मध्य सहयोग के विभिन्न क्षेत्रों पर भी चर्चा की गई। इनमें आधारभूत संरचना विकास, अनुसंधान एवं नवाचार, उद्योग-अकादमिक सहयोग, छात्र मार्गदर्शन, कौशल विकास, उद्यमिता संवर्धन तथा संस्थागत जनसंपर्क एवं विस्तार गतिविधियां प्रमुख रहीं। एसोसिएशन के वित्तीय एवं प्रशासनिक संचालन को सुचारु बनाने के लिए उसके पृथक बैंक खाते के संचालन संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार किया गया तथा सिद्धांततः सहमति प्रदान की गई।

बैठक में विशिष्ट पूर्व छात्र एस. के. वर्मा, जे. बी. राय, एन. के. सिंह, गोपाल मिश्रा, मधुसूदन पांडेय, ओ. एस. मौर्य तथा प्रवीर आर्य उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से प्रो. बी के पांडेय, प्रो. प्रभाकर तिवारी, प्रो. वी के द्विवेदी, प्रो. डी एस  सिंह, डॉ. राजन मिश्रा, डॉ. अभिजित मिश्र तथा क्षितिज उपाध्याय ने विचार-विमर्श में सहभागिता की।बैठक के अंत में सभी प्रतिभागियों ने विश्वविद्यालय एवं उसके पूर्व छात्रों के मध्य संबंधों को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा एक सशक्त एवं सक्रिय एलुमनाई नेटवर्क के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

 

 

Image 1 Image 2

Check Also

क्वॉलिटी काउंसिल ऑफ इंडिया के मूल्यांकन में एमएमएमयूटी के फार्मेसी विभाग का शानदार प्रदर्शन, प्रदेश के सरकारी तकनीकी विश्वविद्यालयों में प्रथम

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के फार्मास्यूटिकल साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग ने गुणवत्ता के …