वाराणसी। भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बिजली विभाग के एक अवर अभियंता (जेई) सुखदेव रस्तोगी को 22000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा है। निरीक्षक उमाशंकर यादव ने बताया की टकटकपुर निवासी शिकायतकर्ता अमित कुमार श्रीवास्तव ने मंशानगर कालोनी में अपने नए मकान के निर्माण कार्य के लिए एक अस्थायी विद्युत कनेक्शन के लिए 6 जून को ऑनलाइन आवेदन किया था। इस आवेदन की पैरवी के लिए वे 10 जून को विद्युत उपकेंद्र पांडेयुपर के जेई सुखदेव रस्तोगी से मिले। जेई ने कनेक्शन देने के एवज में अमित से 22,000 रुपये रिश्वत की मांग की। जेई ने रिश्वत की रकम लेने के लिए आवेदक को 12 जून को उनके प्लॉट पर ही बुलाया। उधर, शिकायतकर्ता की लिखित शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन थाना वाराणसी मंडल की टीम ने शुक्रवार सुबह ही टकटकपुर स्थित मंशानगर कालोनी में घात लगाकर बैठ गई। करीब 11.44 बजे जैसे ही आरोपी जेई सुखदेव रस्तोगी वहां पहुंचा और शिकायतकर्ता से वैध कार्य के बदले 22,000 रुपये की रिश्वत ली, एंटी करप्शन की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद जब मौके पर ही आरोपी जेई का हाथ धुलवाया गया, तो केमिकल रिएक्शन के कारण पानी का रंग गुलाबी हो गया। जिससे पता चल गया कि आरोपी ने रिश्वत के रुपयों को छुआ था। टीम ने उसके कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली है। इस मामले में आरोपी जेई के खिलाफ थाना कैंट कमिश्नरेट वाराणसी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….