Breaking News

राष्ट्रीय नीतिगत क्रियान्वयन में लखनऊ विश्वविद्यालय के शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका

लखनऊ। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नीति निर्माण और प्रशासनिक क्रियान्वयन में लखनऊ विश्वविद्यालय के संकाय सदस्यों की विद्वता और अनुभव पर उत्तर प्रदेश शासन ने एक बार फिर विश्वास जताया है। उत्तर प्रदेश शासन के उच्च शिक्षा अनुभाग-3 द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप (दिनांक 19 नवम्बर, 2026) के माध्यम से मुख्य सचिवों के 5वें राष्ट्रीय सम्मेलन में दिए गए निर्देशों के सक्रिय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण हेतु एक उच्चस्तरीय 8-सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। इस प्रतिष्ठित समिति में लखनऊ विश्वविद्यालय के दो वरिष्ठ आचार्यों— समाज कार्य विभाग के प्रो. अनूप कुमार भारतीय तथा जंतु विज्ञान विभाग की प्रो. गीतांजली मिश्रा को सदस्य के रूप में नामित किया गया है।

समिति का उद्देश्य एवं दायित्व:

उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मुख्य सचिवों के 5वें राष्ट्रीय सम्मेलन में दिए गए निर्देशों के सक्रिय क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण हेतु निर्धारित 28 बिन्दुओं के एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) के संबंध में निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश (प्रयागराज) की अध्यक्षता में इस समिति का गठन किया गया है। यह समिति निर्धारित 28 बिंदुओं पर प्रदेश के समस्त राज्य विश्वविद्यालयों से सूचना एकत्र करेगी और समेकित रिपोर्ट तैयार कर निदेशक, उच्च शिक्षा के माध्यम से उत्तर प्रदेश शासन को उपलब्ध कराएगी।—

लखनऊ विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय:

लखनऊ विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के वरिष्ठ आचार्य प्रो. अनूप कुमार भारतीय तथा जंतु विज्ञान विभाग की वरिष्ठ आचार्या एवं निदेशक रैंकिंग प्रो. गीतांजली मिश्रा को इस महत्वपूर्ण राज्य स्तरीय समिति में स्थान मिलना विश्वविद्यालय की अकादमिक एवं प्रशासनिक साख का प्रमाण है। दोनों शिक्षकों के व्यापक नीतिगत, शोध एवं प्रशासनिक अनुभव का लाभ प्रदेश के समस्त राज्य विश्वविद्यालयों में राष्ट्रीय स्तर के दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन में मिलेगा।

शासन द्वारा गठित समिति की रूपरेखा:

  1. अध्यक्ष: निदेशक, उच्च शिक्षा, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज
  2. सदस्य: प्रो. बी.एल. शर्मा, संयुक्त निदेशक, उच्च शिक्षा निदेशालय, उ.प्र., प्रयागराज
  3. सदस्य: प्रो. किशोर कुमार, प्राचार्य, मिहिर भोज पीजी कॉलेज, दादरी, गौतमबुद्धनगर
  4. सदस्य: डॉ. अंशू चौधरी, सहायक प्रोफेसर, जंतु विज्ञान विभाग, चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ
  5. सदस्य: प्रो. अनूप कुमार भारतीय, समाज कार्य विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ
  6. सदस्य: प्रो. गीतांजली मिश्रा, जंतु विज्ञान विभाग, लखनऊ विश्वविद्यालय, लखनऊ
  7. सदस्य: डॉ. संजीव सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, कु. मायावती राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बादलपुर, गौतमबुद्धनगर
  8. सदस्य: अपर सचिव, उ.प्र. राज्य उच्च शिक्षा परिषद्, लखनऊ

विश्वविद्यालय परिवार ने प्रो. अनूप कुमार भारतीय और प्रो. गीतांजली मिश्रा को इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

 

 

 

 

 

 

Image 1

Check Also

बीएचयू द्वारा मिर्जापुर में खेत बचाओ अभियान के तहत आयोजित किया किसान गोष्ठी

मिर्जापुर । काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी द्वारा राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम (NSMP 1:10K) के …