Breaking News

बीएचयू द्वारा मिर्जापुर में खेत बचाओ अभियान के तहत आयोजित किया किसान गोष्ठी

मिर्जापुर । काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी द्वारा राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम (NSMP 1:10K) के अंतर्गत संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ के तहत 21 नवंबर 2026 को मिर्जापुर जनपद के फुलियारी गांव में किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय अर्ध-शुष्क उष्णकटिबंधीय फसल अनुसंधान संस्थान (ICRISAT), मिर्जापुर के सहयोग से आयोजित किया गया। गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते हुए प्रो. श्रीराम सिंह, प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र, बीएचयू ने फसल अवशेषों एवं पराली जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से मृदा में उपस्थित लाभकारी सूक्ष्मजीव नष्ट होते हैं, मृदा में जैविक कार्बन की मात्रा घटती है तथा वायु प्रदूषण में वृद्धि होती है। उन्होंने पराली जलाने के स्थान पर फसल अवशेषों का खेत में ही मल्चिंग के रूप में उपयोग, कम्पोस्ट निर्माण तथा जैव अपघटक (बायो-डीकंपोजर) के प्रयोग जैसी किफायती एवं व्यावहारिक तकनीकों का प्रदर्शन किया। इन तकनीकों के माध्यम से कृषि अवशेषों को पोषक तत्वों से भरपूर जैविक खाद में परिवर्तित किया जा सकता है।प्रो. पी. के. शर्मा, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम (NSMP) ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों को नियमित मृदा परीक्षण कराने की आवश्यकता बताई। उन्होंने वैज्ञानिक तरीके से मृदा नमूना एकत्र करने की सही विधि का भी प्रदर्शन किया। प्रो. अमिताभ रक्षित ने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन (INM) को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने रासायनिक उर्वरकों के असंतुलित एवं अत्यधिक उपयोग के कारण मिट्टी में उत्पन्न हो रही बहुपोषक तत्वों की कमी की समस्या के बारे में विस्तार से जानकारी दी।डॉ. विनोद के. त्रिपाठी ने जल संरक्षण की विभिन्न तकनीकों एवं कृषि में जल उपयोग दक्षता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। वहीं, डॉ. आशीष लतारे ने टिकाऊ कृषि एवं मृदा स्वास्थ्य के दीर्घकालिक संरक्षण में जैविक खेती की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। डॉ. अशोक शुक्ला ने फुलियारी एवं आसपास के गांवों में ICRISAT द्वारा संचालित विभिन्न जलागम विकास गतिविधियों एवं उनके महत्व का प्रदर्शन किया। डॉ. सत्येंद्र नाथ सिंह ने भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत मृदा एवं भूमि उपयोग सर्वेक्षण संस्थान (SLUSI) द्वारा संचालित राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों एवं उपयोगिता के बारे में किसानों को जानकारी दी।इस किसान गोष्ठी में फुलियारी एवं आसपास के गांवों के कुल 175 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र में किसानों ने खेती से जुड़ी अपनी विभिन्न समस्याओं को विशेषज्ञों के समक्ष रखा तथा फसल उत्पादन, मृदा उर्वरता प्रबंधन, जल संरक्षण एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के संबंध में उपयोगी सुझाव प्राप्त किए।कार्यक्रम का समन्वय आनंद सिंह (ICRISAT) एवं राष्ट्रीय मृदा मानचित्रण कार्यक्रम की टीम के सदस्यों द्वारा किया गया। अंत में प्रो. पी. के. शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए सभी सहभागी किसानों, सहयोगी संस्थानों तथा भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के प्रति आभार व्यक्त किया।यह किसान गोष्ठी कृषि अनुसंधान एवं किसानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही। कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य में सुधार तथा पर्यावरण अनुकूल एवं संसाधन दक्ष कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे दीर्घकाल में कृषि की उत्पादकता एवं स्थिरता सुनिश्चित की जा सके।

Image 1

Check Also

साइबर सेल नोनहरा ने साइबर फ्रॉड द्वारा की गयी 10 हजार रूपये करायी गयी वापस

गाजीपुर। जनपद में अपराधों की रोकथाम एवं साइबर धोखाधड़ी रोकने हेतु चलाये जा रहे अभियान …