Breaking News

एमएमएमयूटी, गोरखपुर एलुमनाई मीट का हुआ भव्‍य उद्घाटन, देश के दिग्‍गज ने लिया भाग

लखनऊ। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय एवं एम एम एम यू टी एलुमनाई एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 21-22 नवंबर 2026 के मध्य आयोजित दो दिवसीय ‘एम एम एम यू टी एलुमनाई मीट-2026’ का आज विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में उद्घाटन हुआ। एलुमनाई मीट के उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के 1983 बैच (इलेक्ट्रॉनिक्स) के पूर्व छात्र एवं रिलायंस जियो के प्रेसीडेंट उदय कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में 1990 बैच मैकेनिकल के पूर्व छात्रगण मोहम्मद अशफाक, निदेशक एन टी पी सी जी ई पावर, तथा डॉ संजय गंभीर, प्रबंध निदेशक, बिल्डिंग एंड प्लेसेज इंडिया उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता माननीय कुलपति प्रो अनुपमा कौशिक शर्मा ने की। उद्घाटन समारोह से पूर्व गोल्डन जुबिली बैच 1976, सिल्वर जुबिली बैच 2001 के पूर्व छात्रों सहित अन्य पूर्व छात्र, एम एम एम यू टी एलुमनाई एसोसिएशन के प्रेसीडेंट युगेश कुमार दीक्षित, निदेशक पावरग्रिड तथा एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारियों एवं कुलपति ने परिसर स्थित पंडित मदन मोहन मालवीय एवं वाग्देवी मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन किया। इसके बाद पूर्व छात्रों की शोभायात्रा मुख्य द्वार से ढोल की धुन पर नाचते गाते बहुउद्देशीय सभागार पहुंची जहाँ वर्तमान छात्रों ने तिलक लगाकर शोभायात्रा में सम्मिलित सभी आगंतुकों का स्वागत किया|मुख्य अतिथि उदय कुमार श्रीवास्तव, विशिष्ट अतिथिगण मोहम्मद अशफाक, तथा डॉ संजय गंभीर, माननीय कुलपति प्रो अनुपमा कौशिक शर्मा, एम एम एम यू टी एलुमनी एसोसिएशन के प्रेसीडेंट युगेश कुमार दीक्षित, अधिष्ठाता एलुमनाई अफेयर्स प्रो बी के पांडेय, गोल्डन जुबिली बैच के प्रतिनिधि सुभाष चंद्र त्रिपाठी, सिल्वर जुबिली बैच के प्रतिनिधि नितेश गौतम, तथा एलुमनाई एसोसिएशन के सचिव डॉ राजन मिश्र ने वाग्देवी सरस्वती, एवं महामना पं. मदन मोहन मालवीय के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया| एमएमएमयूटी एलुमनाई एसोसिएशन के प्रेसीडेंट युगेश कुमार दीक्षित ने स्वागत वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि इस संस्थान से शिक्षा प्राप्त कर निकले छात्र आज देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित हैं। वर्तमान विद्यार्थियों को अपने वरिष्ठों के अनुभवों से सीखने और उनसे निरंतर संपर्क बनाए रखने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एलुमनाई एसोसिएशन पूर्व एवं वर्तमान विद्यार्थियों के बीच सेतु का कार्य कर रही है। उन्होंने पूर्व छात्रों से अपील की कि वे एसोसिएशन को सुदृढ़ बनाने में अपना सहयोग दें। यह सहयोग वित्तीय होने के साथ-साथ अन्य रूपों में भी दिया जा सकता है।उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए गोल्डन जुबिली बैच (1976) के प्रतिनिधि सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि 50 वर्षों के बाद अपने शिक्षण संस्थान में लौटकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। इस आयोजन के माध्यम से कई पुराने साथियों से पांच दशक बाद इसी परिसर में मुलाकात करने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि संस्थान से जुड़ी स्मृतियां आज भी उनके लिए विशेष महत्व रखती हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय को आश्वस्त किया कि भविष्य में संस्थान के लिए जिस प्रकार के सहयोग की अपेक्षा की जाएगी, वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार हरसंभव सहयोग करेंगे।सत्र के दौरान बोलते हुए सिल्वर जुबिली बैच (2001) के प्रतिनिधि श्री नितेश गौतम ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में अपने गुरुओं से मिली सीख आज भी उनके जीवन का मार्गदर्शन करती है और वे निरंतर उन शिक्षाओं को अपने आचरण में उतारने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि एलुमनाई मीट ने पुराने साथियों को एक बार फिर एक साथ समय बिताने और आपसी संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान किया है। उन्होंने विश्वविद्यालय में प्रस्तावित एलुमनाई कन्वेंशन सेंटर के निर्माण के लिए पूर्व छात्रों, विशेष रूप से वर्ष 2001 बैच के सदस्यों से आगे आकर सहयोग करने की अपील की।विशिष्ट अतिथि मोहम्मद अशफाक, निदेशक एन टी पी सी जी ई पॉवर  ने अपने संबोधन में कहा कि वे रिवर्स मेंटरिंग में विश्वास रखते हैं और नई पीढ़ी से भी निरंतर सीखने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि इस संस्थान से प्राप्त शिक्षा और अनुभव जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उनके काम आए हैं। सफलता की दो चाबियां भाग्य और कर्म हैं तथा कर्म करने के उपरांत ही भाग्य की चाभी काम करती है और सफलता प्राप्त होती है। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में हो रहे निरंतर विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में युवाओं के लिए करियर की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने जीवन में कृतज्ञता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि व्यक्ति को जो कुछ प्राप्त हुआ है, उसके प्रति सदैव आभार का भाव रखना चाहिए। जो नहीं है उसको लेकर हमेशा दुखी रहने से कोई लाभ नहीं है| समारोह को संबोधित करते हुए विशिष्ट अतिथि डॉ. संजय गंभीर, प्रबंध निदेशक, बिल्डिंग एंड प्लेसेज इंडिया ने वसीम बरेलवी की पंक्तियाँ याद कीं “हम दरिया हैं, हमें अपना हुनर मालूम है,जिस तरफ़ भी चल पड़ेंगे, रास्ता हो जाएगा”| उन्होंने कहा कि युवाओं के भीतर असीम संभावनाएं हैं और वे अपनी मेहनत तथा क्षमताओं के बल पर जीवन में बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि परिश्रम का कोई विकल्प नहीं है। जीवन की वास्तविक सार्थकता केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करने में नहीं, बल्कि इस बात में है कि व्यक्ति ने समाज को क्या दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे भविष्य में जिस क्षेत्र में कार्य करने जा रहे हैं, उसकी आवश्यकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करें तथा अपने व्यक्तित्व और क्षमताओं को उसी के अनुसार ढालें।मुख्य अतिथि एवं रिलायंस जियो के प्रेसिडेंट उदय कुमार श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन की शुरुआती परिस्थितियां और सीमित संसाधन किसी व्यक्ति के भविष्य की संभावनाओं को निर्धारित नहीं करते। शिक्षा, कठिन परिश्रम, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी व्यक्ति अपनी प्रारंभिक परिस्थितियों से कहीं आगे बढ़कर सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1979 में सीमित संसाधनों के साथ मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज में प्रवेश लेने से लेकर भारतीय इंजीनियरिंग सेवा में चयन तक की उनकी यात्रा में संस्थान से प्राप्त शिक्षा, अनुशासन और आत्मविश्वास की महत्वपूर्ण भूमिका रही। श्री श्रीवास्तव ने वर्तमान विद्यार्थियों को संदेश दिया कि किसी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी उपलब्धि केवल ज्ञान या डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में अपनी क्षमताओं पर विश्वास पैदा करना है। यही आत्मविश्वास उन्हें अपनी कल्पनाओं और अपेक्षाओं से कहीं अधिक उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का मार्गदर्शन, संस्थान से प्राप्त संस्कार और व्यक्तित्व विकास जीवनभर सफलता की आधारशिला बने रहते हैं। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए तथा जीवन में अर्जित ज्ञान और मूल्यों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में योगदान देना चाहिए।अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में विश्वविद्यालय की माननीय कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा ने पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन सभी के लिए अपने घर लौटने जैसा है। पूर्व छात्रों के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी इस संस्थान से उनके गहरे भावनात्मक जुड़ाव को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि एलुमनाई मीट पूर्व छात्रों की उपलब्धियों और उनके योगदान का उत्सव है। किसी विश्वविद्यालय की श्रेष्ठता केवल उसकी प्रयोगशालाओं, भवनों अथवा भौतिक सुविधाओं से निर्धारित नहीं होती, बल्कि उसके विद्यार्थियों की सफलता ही उसकी वास्तविक पहचान और प्रतिष्ठा का आधार होती है। उन्होंने पूर्व छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी इस विश्वविद्यालय के ब्रांड एंबेसडर हैं। आपकी उपलब्धियां और सफलता ही इस विश्वविद्यालय की पहचान हैं।कार्यक्रम को अधिष्ठाता एलुमनाई अफेयर्स प्रो बी के पांडेय ने भी।संबोधित किया। उद्घाटन सत्र के दौरान पांच पूर्व छात्रों को मालवीय डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिनके नाम इस प्रकार हैं: -•उद्यमिता एवं उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पवन त्रिपाठी (1993 बैच, सिविल), प्रबन्ध निदेशक, जिओकोन इन्फ्रा लिमिटेड नोएडा को•  प्रशासनिक सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए बिजय कुमार सिंह (1991 बैच, इलेक्ट्रॉनिक्स), आई पी एस, अपर पुलिस महानिदेशक (CID), कर्नाटक को•विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में उल्लेखनीय योगदान के लिये डॉ कमलेश वर्मा (2001 बैच, इलेक्ट्रॉनिक्स), वैज्ञानिक एफ, डी आर डी ओ को •खेल के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सेजल गुप्ता (2026 बैच, मैकेनिकल) को तुर्की में आयोजित एशियाई बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में भारत का प्रतिनिधित्व कर रजत पदक हासिल करने के लिए| वर्तमान में हिंडाल्को इंडस्ट्रीज में ग्रेजुएट इंजिनियर ट्रेनी के रूप में सेवारत|•कला, साहित्य, एवं संस्कृति में उल्लेखनीय योगदान के लिये प्रदीप कुमार मिश्र (2009 बैच, मैकेनिकल), डिप्टी चीफ इंजिनियर, न्यूक्लियर पॉवर कारपोरेशन को मालवीय डिस्टिंग्विश्ड एलुमनाई सम्मान स्वरूप शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। डॉ कमलेश वर्मा, प्रदीप कुमार मिश्र, एवंसेजल गुप्ता ने उपस्थित होकर सम्मान ग्रहण किया जबकि पवन त्रिपाठी एवं बिजय कुमार सिंह को उपस्थित नहीं होने के कारण सम्मान की घोषणा की गयी| कार्यक्रम के दौरान डायमंड जुबिली बैच (1966 बैच) के प्रतिनिधि आर डी सिंह, एवं आर ए आर विश्वकर्मा का वीडियो शुभकामना संदेश भी प्रसारित किया गया। इस मौके पर पिछले कुछ वर्षों में सेवानिवृत हुए शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया जिनमें प्रो आर पी मणि, प्रो एल बी सिंह, प्रो जी एस त्रिपाठी, प्रो अर्जुन दुबे, प्रो पी के सिंह, प्रो आर ए यादव शामिल रहे। सत्र के दौरान गोल्डन जुबली बैच 1976, सिल्वर जुबली  बैच 2001 सहित अन्य बैच के उपस्थित पूर्व छात्रों एवं उनके परिवारों को भी सम्मानित किया गया। उद्घाटन सत्र के अंत में एलुमनी एसोसिएशन के सचिव डॉ राजन मिश्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ अभिजित मिश्र , एवं डॉ अंजलि सिंह ने किया। दोपहर में देश विदेश से आये लगभग 300 पूर्व छात्रों और उनके परिवारों ने परिसर को घूम घूम कर देखा और पुराने दिनों को याद किया| कई एलुमनाई विवि में हुए सकारात्मक बदलावों से प्रसन्न दिखे| शाम को एम एम एम यू टी एलुमनाई एसोसिएशन की वार्षिक आम सभा की बैठक हुई| देर शाम को विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

Image 1

Check Also

साइबर सेल नोनहरा ने साइबर फ्रॉड द्वारा की गयी 10 हजार रूपये करायी गयी वापस

गाजीपुर। जनपद में अपराधों की रोकथाम एवं साइबर धोखाधड़ी रोकने हेतु चलाये जा रहे अभियान …