लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी पंचायत चुनाव में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने पार्टी पदाधिकारियों को एक महीने के भीतर सभी जिलों में संगठन तैयार करने के निर्देश दिए। सोमवार को वह पार्टी की वार्षिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों ने उन्हें सर्वसम्मति से एक बार फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना। लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पार्टी की वार्षिक बैठक को रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों में हम शामिल होंगे। इसके लिए सबसे पहले हमें जिला स्तर पर संगठन मजबूती के साथ तैयार करना होगा। पदाधिकारियों से बूथ कमेटियों का गठन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि आज देश आतंकवाद, भ्रष्टाचार जैसे कई संकट से गुजर रहा है। देशहित सर्वोपरि है। इससे बढ़कर कुछ भी नहीं है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को मुखर होकर आवाज बुलंद करनी होगी। जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष करना होगा। सोशल मीडिया के माध्यम से देशहित में पार्टी की बात रखने की भी बात कही। उन्होंने आगे कहा कि जनप्रतिनिधि का अर्थ है, जनता के बीच रहना। जनप्रतिनिधि जनता का नुमाइंदा होता है। जनप्रतिनिधि का व्यवहार चुनाव के बाद भी बदलना नहीं चाहिए। जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते रहना चाहिए। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए झांसी के जिलाध्यक्ष डॉ मधुपाल सिंह ने ‘राजा भैया’ के नाम का प्रस्ताव रखा। पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से ‘राजा भैया’ को राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना। प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज ने कहा कि 2027 के आगामी विधानसभा चुनाव के लिए हमें अभी से तैयारी करनी होगी। इसके लिए गांव स्तर पर संगठन को मजबूत करना होगा। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश नाथ ओझा, जितेंद्र सिंह मुन्ना, पूर्व मंत्री शैलेंद्र सरोज आदि ने संबोधित किया। संचालन बृजेश राजावत ने किया।
Purvanchal News जोड़े आपको पूर्वांचल से….