Breaking News

गाजीपुर: सिधौना में जिला प्रशासन ने ऐतिहासिक जलाशय की भूमि को कराया कब्जामुक्त

गाजीपुर। सिधौना में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर प्रशासन की टीम ने जलाशय की जमीन से अवैध कब्जे को हटवाया। अधिकारियों ने कब्जाधारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए जलाशयों पर अवैध कब्जा करने पर कड़ी कार्यवाही की चेतावनी दी। सिधौना गांव के मध्य नैसर्गिक सुंदरता से भरपूर आम, बरगद, पीपल, पाकड़, गूलर व फलदार वृक्षों से घिरा करीब पांच बीघा में फैला विशाल जलाशय पिछले पचास वर्षों से अतिक्रमण का शिकार हो चुका था। शनिवार को जिला पंचायत राज अधिकारी गाजीपुर रमेश उपाध्याय के निर्देश पर तहसीलदार सैदपुर हिमांशु सिंह और खानपुर एसओ राजीव पांडेय ने भारी संख्या में पुलिस की टीम लेकर सिधौना गांव पहुचे थे। लेखपाल बालकृष्ण श्रीवास्तव द्वारा सीमांकित जमीन पर जेसीबी लगाकर तालाब से अवैध कब्जा हटवाया। गांव के ही कई लोगों ने लंबे समय से जलाशय की भूमि को विवादित बनाया हुआ था। जलीय जमीन का सीमांकन कर जलाशय निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी। इस सरोवर के निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में हर्ष का माहौल बन गया। वर्षों पहले इस सरोवर किनारे महिलाओं के जिउतिया, ललही छठ, गोवर्धन पूजा, यम दीपक पूजा के साथ श्राद्ध व तर्पण कार्य भी किया जाता रहा है। इस जलाशय में बाढ़ के समय गोमती नदी का जल भर जाता है। ग्राम पंचायत के सहयोग से इस जलाशय के किनारों पर पक्का घाट निर्माण कर सुंदर सरोवर का स्वरूप दिया जाएगा। सरोवर का सुंदरीकरण कर प्रकाश की व्यवस्था करने से यह नैसर्गिक सुंदरता से भरपूर सरोवर एक रमणीय स्थल बन जाएगा। इस मौके पर ग्रामीणों सहित एसओ खानपुर राजीव पांडेय, सिधौना चौकी इंचार्ज सुधीर राय व भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।

Image 1 Image 2

Check Also

गाजीपुर: सूखे को देखते हुए उर्द, मूंग, अरहर, बाजरा व मक्‍का आदि की खेती करें किसान- उप कृषि निदेशक

गाजीपुर! सदर विकास खंड की ग्राम पंचायत अंधऊ के पंचायत भवन में आयोजित आसन्न सूखा …